BSEB Bihar Board Exam 2024 : बिहार बोर्ड इंटर और मैट्रिक परीक्षा की तिथि जारी, यहां देखें पूरा शेड्यूल
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के छात्रों के लिए बड़ी खबर है. बिहार बोर्ड ने इंटर और मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2024 की तिथियों (Bihar Board Exam Date) की घोषणा कर दी है. बिहार बोर्ड इंटर (12वीं) की परीक्षा पहले आयोजित की जाएंगी. टाइम टेबल बीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है. बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट bseb.secondary.biharboardonline.com के जरिए भी डाउनलोड कर सकते हैं. इंटर व मैट्रिक का रिजल्ट मार्च अंतिम या अप्रैल के पहले सप्ताह में किया जायेगा जारी. इसके साथ एसटीइटी, डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, डीएलएड प्रथम व द्वितीय वर्ष परीक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण उच्च माध्यमिक स्तरीय भाषा (हिंदी एवं अंग्रेजी) परीक्षा एवं सिमुलतला आवासीय विद्यालय जमुई एंट्रेंस परीक्षा का भी शेड्यूल जारी कर दिया गया है.
कब होगी इंटर की परीक्षा
वहीं इंटर परीक्षा के लेकर बीएसईबी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 1 फरवरी 2024 से बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 का आयोजन किया जाएगा. यह परीक्षा 12 फरवरी तक चलेगी. वहीं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए इंटरनल एसेस्मेंट/प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन 10 जनवरी से 20 जनवरी 2024 तक किया जाएगा.
दो पालियों में आयोजित होगी इंटर परीक्षा
इंटर की परीक्षा दो पालियों में ली जाएगी. प्रथम पालि की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक आयोजित की जाएगी. वहीं दूसरी पाली में परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगा.
इंटर और मैट्रिक सह विशेष परीक्षा का रिजल्ट मई-जून में
इंटर और मैट्रिक कंपार्टमेंटल-सह-विशेष परीक्षा 2024 का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म मार्च-अप्रैल में भरा जायेगा. एडमिट कार्ड अप्रैल-मई में जारी किया जायेगा. प्रैक्टिकल परीक्षा व सैद्धांतिक परीक्षा का संचालन भी अप्रैल-मई में होगा. रिजल्ट मई जून में जारी कर दिया जायेगा.
कब होगी मैट्रिक की परीक्षा
बिहार बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं के परीक्षा को लेकर जरुरी सूचनाएं और डेटशीट जारी कर दिया है. बीएसईबी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 15 फरवरी 2024 से बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2024 शुरू होगी. यह परीक्षा 23 फरवरी 2024 तक चलेगी. वहीं मैट्रिक के छात्र-छात्राओं के लिए इंटरनल एसेस्मेंट/प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन 18 जनवरी 2024 से 20 जनवरी 2024 तक किया जाएगा. मैट्रिक परीक्षा का आयोजन भी दो पालियों में होगा.
कब होगा एसटीईटी
बोर्ड द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2024 का आयोजन साल में दो बार किया जाएगा. पहली बार इस परीक्षा का आयोजन 1 मार्च 2024 से 20 मार्च 2024 के बीच होगी. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 दिसंबर से शुरू हो जायेगी. आवेदन की अंतिम तिथि 28 दिसंबर है. इसका रिजल्ट मई में जारी कर दिया जायेगा. वहीं दूसरी बार इस परीक्षा का आयोजन 10 सितंबर से 30 सितंबर 2024 के बीच होगा.
डीएलएड कॉलेजों के लिए परीक्षा कब
डीएलएड कॉलेजों में एडमिशन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2024 का आयोजन छह से 12 मार्च तक किया जायेगा. आवेदन की प्रक्रिया 10 से 25 जनवरी तक कर सकते हैं. सिमुलतला छठी कक्षा में प्रवेश के लिए प्रारंभिक परीक्षा 16 अक्तूबर व मुख्य प्रवेश परीक्षा 20 दिसंबर 2024 को होगा.
