Kosi Live-कोशी लाइव Supaul News: बाइक छीनने के दौरान महिला की अपराधियों ने ली जान, घर वापस लौटने के दौरान हुई घटना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 26, 2023

Supaul News: बाइक छीनने के दौरान महिला की अपराधियों ने ली जान, घर वापस लौटने के दौरान हुई घटना


सूत्र, छातापुर (सुपौल)। सुपौल के थानांतर्गत राजेश्वरी ओपी क्षेत्र के महम्मदगंज पंचायत में शनिवार की रात अपराधियों ने बाइक छीनने के क्रम में एक महिला की जान ले ली। बांसवारी चौक के समीप ई-रिक्शा सवार चार अपराधी घात लगाकर बैठे थे।

अपराधियों ने बाइक चालक पर रड से प्रहार कर दिया। प्रहार से अपना बचाव करते चालक झुक गया और पीछे बैठी महिला की नाक पर रड लगा जिससे महिला बेहोश होकर नीचे गिरी व मौके पर ही उसकी मौत हो गई। महिला की स्थिति को देखते ही सभी अपराधी ई-रिक्शा स्थल पर ही छोड़कर भाग निकले।

चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया

बाइक चालक की सूचना पर महिला के स्वजन मौके पर पहुंचे और महिला को सीएचसी छातापुर लाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतका महम्मदगंज पंचायत वार्ड संख्या 13 निवासी भूपेंद्र सरदार की पत्नी 45 वर्षीय आशा देवी थी। सूचना के बाद राजेश्वरी ओपी पुलिस ने घटना स्थल से ई रिक्शा कब्जे में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया।

भूपेंद्र सरदार की दो शादी

बताया जाता है कि भूपेंद्र सरदार की दो शादी है जिसमें मृतका पहली पत्नी है। वह अपने पति के दोस्त वार्ड संख्या 14 निवासी मनोज मंडल के घर छठी का भोज खाने गई थी। भोज खाने के बाद वह मनोज मंडल के पुत्र मिथिलेश के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थी।

बाइक पर महिला की आठ वर्षीय नतनी लवली कुमारी भी सवार थी। इस घटना में बाइक चालक व बच्ची सुरक्षित है लेकिन खौफजदा है। महिला की असामयिक मौत के बाद स्वजनों में चीख पुकार मची है। इस संदर्भ में पूछने पर ओपीध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मृतका के पति के फर्द बयान पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। कहा कि बरामद ई रिक्शा मालिक का भी पता लगाया जा रहा है।