Kosi Live-कोशी लाइव Khagaria Crime: किशोरी को घर से किडनैप कर दरिंदों ने की दरिंदगी, मरने के लिए कुंड में फेंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 23, 2023

Khagaria Crime: किशोरी को घर से किडनैप कर दरिंदों ने की दरिंदगी, मरने के लिए कुंड में फेंका




बिहार के खगड़िया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने मंगलवार देर रात एक गांव से किशोरी का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपितों ने उसे पानी से भरे एक कुंड में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

 
 
HIGHLIGHTS
खगड़िया में किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म।
घर की छत पर से तीन लोगों ने मिलकर किया था अपहरण।
जान से मारने की नीयत से पानी भरे कुंड में फेंका।

संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

कुछ युवकों ने मंगलवार देर रात बेलदौर थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी का अपहरण कर लिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पानी से भरे एक कुंड में फेंक दिया।



किशोरी ने तैरकर बचाई अपनी जान

किशोरी ने तैरकर कुंड को पार किया और किसी तरह अपनी जान बचाई। घर पहुंचकर मासूम ने घरवालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के स्वजन ने मामले की जानकारी बेलदौर पुलिस को दी।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म मामले के आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा है।


पीड़िता ने सुनाई आपबीती

पीड़िता के मुताबिक, घटना मंगलवार रात की है। वह अपने घर के छत पर थी। उसे तीन युवकों ने बंधक बनाकर उठा लिया और बाइक से लेकर फरार हो गए।

इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य दो आरोपितों ने जान मारने की नीयत से पानी भरे कुंड में फेंक दिया।

थानाध्यक्ष ने क्या कहा?

बेलदौर के प्रभारी थाना अध्यक्ष नगीना प्रसाद ने बताया कि दुष्कर्म मामले में पीड़िता के बयान पर एफआईआर दर्ज कर आरोपित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।