सड़क हादसे में हुई तीन लोगों की मौत के बाद फुलपरास थाने में मधेपुरा डीएम के चालक पर हिट एंड रन का FIR दर्ज कर लिया है.
बता दें कि
बिहार के मधेपुरा में डीएम की कार से कुचलकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद का मंजर बेहद खौफनाक था. सड़क पर लाशें बिखरी पड़ी थीं. बताया जा रहा है जिस वक्त घटना हुई डीएम गाड़ी में मौजूद नहीं थे. फिलहाल, मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है.
जानकारी के मुताबिक, डीएम विजय प्रकाश मीणा की कार पटना से मधेपुरा जा रही थी. तभी मधुबनी के फुलपरास थाना क्षेत्र में एनएच-57 पर चार लोगों को उसने रौंद दिया. जिसके चलते तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. कार के अंदर डीएम मौजूद नहीं थे. खुद डीपीआरओ ने इस बात की पुष्टि की है.
हादसे के बाद जमा लोगों की भीड़
वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की. जिसके बाद सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. अभी हालात सामान्य हैं. मामले को लेकर मधेपुरा डीपीआरओ कुंदन कुमार सिंह का कहना है गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी. हादसा कैसे हुआ यह जांच का विषय है. जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय गाड़ी में जिलाधिकारी नहीं थे.
