Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/स्नातक उत्तीर्ण लड़कियों को 50-50 हजार पाने का मौका, 1.33 लाख छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का इंतजार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 8, 2023

BIHAR/स्नातक उत्तीर्ण लड़कियों को 50-50 हजार पाने का मौका, 1.33 लाख छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का इंतजार

Mukhyamantri Kanya Utthan Yojana 2023: एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2023 के बीच स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण एक लाख 33 हजार लड़कियों को अब भी प्रोत्साहन राशि का इंतजार है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत इन लड़कियों को 50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि मिलनी है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग ने इस योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन का मौका दिया है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। इस योजना में अब-तक एक लाख 37 हजार लड़कियों को 50-50 का भुगतान कर दिया गया है। पदाधिकारी बताते हैं कि हाल ही में 24 हजार लड़कियों के बैंक खाते में कुल 120 करोड़ का भुगतान किया गया है। 30 सितंबर के बाद फिर से राशि भुगतान प्रक्रिया शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा करने के बाद राशि का भुगतान विभाग करता है।

मालूम हो कि इस योजना के तहत पूर्व में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 25-25 हजार की राशि दी जाती थी। एक अप्रैल 2021 के बाद से बिहार के कॉलेजों से स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 25 हजार की जगह 50-50 हजार दिये जाने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया। कुल दो लाख 70 हजार छात्राओं को 50-50 हजार का भुगतान करने का लक्ष्य है। अब-तक करीब दो लाख 27 हजार लड़कियों को 25-25 हजार का भुगतान किया गया है।