सुपौल के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत देवीपुर पंचायत के गम्हरिया गांव का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक शख्स रस्सी के सहारे खूंटे से बंधा दिखाई दे रहा है। उसे कुछ ग्रामीण घेर कर खड़े हैं।
वीडियो में सफेद कुर्ता और धोती पहने एक व्यक्ति खूंटे से बंधे युवक को लाठी से पीट रहा है। बताया गया कि खूंटे से बंधे व्यक्ति को पीटने वाला शख्स देवीपुर पंचायत के मुखिया रामबाबू यादव हैं। ये वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
राघोपुर थाना अंतर्गत देवीपुर पंचायत के वार्ड नंबर एक के रहने वाले परीक्षण शर्मा की बकरी मंगलवार की दोपहर चोरी करते हुए एक शख्स को रंगे हाथ पकड़ा गया था। पकड़े गए शख्स की पहचान देवीपुर पंचायत के कोरिया पट्टी निवासी त्रिभुवन यादव के रूप में हुई है। इस मामले में ग्रामीणों द्वारा रंगे हाथ बकरी चोरी करने के आरोपी चोर को खूंटे में रस्सी के सहारे बांधकर रखा गया।
देवीपुर पंचायत के मुखिया रामबाबू यादव को बुलाया गया। उस दौरान बकरी चोरी करने के आरोप में मुखिया द्वारा भरी समाज में लाठी से पीटा जाने लगा। इधर देवीपुर पंचायत के मुखिया रामबाबू यादव ने बताया कि गांव का माहौल काफी गर्म था। इस वजह से उन्होंने घटना के बाद खुद सजा देकर इसे शांत करने के लिए पिटाई की थी। जबकि घटना के दिन से ही बकरी चोरी करने वाले आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए थे। राघोपुर थाना अध्यक्ष रजनीश केसरी ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। वीडियो देखने के बाद जांच के बाद समुचित कार्रवाई करेंगे।