बिहार में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार की दोपहर सुपौल में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने धिक्कार मार्च निकाला। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू भी शामिल हु।
शहर के गांधी मैदान से रैली निकालकर बाजार भ्रमण करते हुए मार्च समाहरणालय पहुंचा।कार्यकर्ताओ ने डीएम को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ता बिहार सरकार होश में आओ, नीतीश तेजस्वी मुर्दाबाद के नारे भी लगा रहे थे। उनकी मांग है की बिहार में बढ़ते अपराध भ्रष्टाचार और अराजकता को लेकर कठोर कार्रवाई की नीति सरकार अपनाए।
वहीं बिहार में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का भरोसा दिलाया गया था, उसे जल्द में अमल में लाने की बात कही गई। साथ ही 1700 करोड़ रुपए से बनने वाली अगुवानी पुल ध्वस्त होने की घटना में संलिप्त भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि राज्य की खराब स्थिति है। सरकार केवल वादा कर निहत्थे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और गोली मारने का काम कर रही है। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार सरकार अब भाजपा कार्यकर्ता पर लाठीचार्ज कर उन्हें डराने का काम कर रही है। जब से नीतीश कुमार राजद से मिले हैं, तब से अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।