सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल से पहली कक्षा के छात्र का अपहरण हुआ था। आरोप है कि नकाबपोश लोगों ने अपहृत छात्र को शनिवार को त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के बघला स्थित पाट खेत में छोड़कर फरार हो गया।
छात्र की मां त्रिवेणीगंज के गुड़िया वार्ड 12 निवासी शोभा देवी ने थाने में लिखित शिकायत कराई है। मां ने अपहरणकर्ता और उसके सहयोगियों सहित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मां ने कहा है कि वह अनपढ़ और बेहद गरीब महिला है। राजेश्वरी ओपी क्षेत्र के कैनजारा गांव निवासी कुछ लोगों के कहने पर त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के डपरखा खट्टर चौक स्थित न्यू सरदार पब्लिक स्कूल में अच्छी पढ़ाई के नाम पर अपने 8 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार का नामांकन कराया।
अर्जुन को स्कूल के छात्रावास में ही रखा गया। उस वक्त भी हॉस्टल की चहारदीवारी सहित भवन की स्थिति अच्छी नहीं थी। हालांकि पूछने पर संचालक ने जल्द दुरुस्त कराने का भरोसा अभिभावकों को दिया था।
जल्द ही स्कूल के निबंधन की बात भी कही गई थी। लिहाजा परिजन अपने बच्चे को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थे, लेकिन शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे स्कूल से आए एक फोन कॉल ने परिवार की बेचैनी बढ़ा दी है।
फोन पर यह बताया गया कि अर्जुन हॉस्टल से गायब है। इसके बाद परिजन अर्जुन की खोज में जुट गए। शनिवार कि सुबह त्रिवेणीगंज नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद ने परिजनों को एक बच्चे की भटकने की जानकारी दी। बच्चे को बरामद किया गया।
इधर, 8 वर्षीय अर्जुन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वो पेशाब करने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान कुछ लोग जबरन बाइक पर ले गए। दूसरे दिन पाट के खेत में मुंह में कपड़ा ठूंस कर हाथ-पैर पीछे बांध कर छोड़ दिया। बाद में छटपटाने के क्रम में उसका हाथ किसी प्रकार खुल गया जिसके बाद अर्जुन वहां से भाग निकला।