Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/IAS केके पाठक को प्रो.चंद्रशेखर ने दी नसीहत: मधेपुरा में कहा-शिक्षक के साथ गलत व्यवहार नहीं होना चाहिए, सरकार समीक्षा कर कार्रवाई करेगी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 17, 2023

MADHEPURA/IAS केके पाठक को प्रो.चंद्रशेखर ने दी नसीहत: मधेपुरा में कहा-शिक्षक के साथ गलत व्यवहार नहीं होना चाहिए, सरकार समीक्षा कर कार्रवाई करेगी

IAS केके पाठक को प्रो.चंद्रशेखर ने दी नसीहत: मधेपुरा में कहा-शिक्षक के साथ गलत व्यवहार नहीं होना चाहिए, सरकार समीक्षा कर कार्रवाई करेगी
 

मधेपुरा में शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने इशारों ही इशारों में सचिव केके पाठक को नसीहत दे दी है। उन्होंने शिक्षकों के साथ गलत बर्ताव करने वाली बात पर समीक्षा और सरकार द्वारा कार्रवाई करने की बात कही है।

गुरुवार को प्रो. चंद्रशेखर मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत भीखा शांति कुंजी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में अंबेडकर परिचर्चा में शामिल हुए थे। इस दौरान उनसे केके पाठक को लेकर सवाल किए गए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि केके पाठक अगर संस्थाओं को ठीक-ठाक कर रहे हैं तो इसपर लोगों को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हमारे राष्ट्र निर्माता शिक्षक हैं। उनका सम्मान होना चाहिए। उनके सम्मान का ख्याल करना है बजाय उनको अपमानित करने के।

शिक्षा मंत्री भीखा शांति कुंजी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में अंबेडकर परिचर्चा में शामिल होने पहुंचे थे।
शिक्षा मंत्री भीखा शांति कुंजी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में अंबेडकर परिचर्चा में शामिल होने पहुंचे थे।
आगे कहा कि शिक्षक तो काम करेंगे ही। इसके लिए वह भी मुस्तैद भी हैं, लेकिन कुछ लोग असंसदीय चर्चा करते हैं। उसकी समीक्षा की जाएगी। अगर वह इस ढंग की भाषा का प्रयोग करते होंगे या शब्दों का उच्चारण हमारे शिक्षकों के बीच गलत करते होंगे तो सरकार समीक्षा करके कार्रवाई करेगी।

 
आगे उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में पीएम मोदी की सरकार एक बार फिर पुलवामा की घटना को दोहराना चाहती है। किसी वरीय भाजपा नेता को टारगेट कर नफरत फैलाना चाहती है। देश की जनता की सवाल पर चुप्पी साधे बैठी है।

 
उन्होंने देश में रोजगार, किसान की समस्या और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने का काम किया है। बता दें कि कार्यक्रम से पहले प्रो. चंद्रशेखर ने स्कूल परिसर में बच्चों को अभिवादन करते हुए स्कूल की विधि व्यवस्था पर भी प्रधान शिक्षक के साथ कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद जनसभा कार्यक्रम में पहुंचे जहां कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों ने भव्य स्वागत भी किया। शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने डॉक्टर बाबा भीम राव आंबेडकर की स्मृति चिन्ह पर पुष्प अर्पित कर नमन किया है।