मुरलीगंज थाना क्षेत्र के हरिपुरकला वार्ड 7 में रविवार की देर रात करीब 1 बजे अपने घर में सो रहे 26 वर्षीय मिलन कुमार पर अपराधियों ने गोली चला दी। गोली पीड़ित के बाएं घुटने और जांघ को जख्मी करते हुए बाहर निकल गई। गोली की आवाज सुनकर घरवाले और पड़ोसी की नींद खुल गई। तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल की पहचान हरिपुरकला वार्ड-7 निवासी मिलन कुमार (26 वर्ष) के रूप में की गई है।
परिजनों ने उसे मुरलीगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां वह इलाजरत है। घायल मिलन कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने दरवाजे पर बने घर में सो रहा था। निंद्रावस्था में ही उस पर तीन गोली चलाई गई। पहली गोली उनके बाएं पैर के घुटने के नीचे लगी और हड्डी को छूते हुए बाहर निकल गई। दूसरी गोली उसके जांघ के ऊपरी भाग में लगी और मांस को फाड़ते हुए बाहर निकल गई। जब तक वह कुछ समझ पाता तीसरी गोली भी चला दी, लेकिन संयोगवश तीसरी गोली उन्हें नहीं लगी। तब तक घरवाले एवं पड़ोसी की नींद खुल गई और अपराधी मौके से फरार हो गया।