Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में मर्डर, सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या; फौजी की ड्रेस में पहुंचे थे बदमाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 14, 2023

MADHEPURA:मधेपुरा में मर्डर, सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या; फौजी की ड्रेस में पहुंचे थे बदमाश

मधेपुरा में अधेड़ की गोली मारकर हत्या

मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थानाक्षेत्र के देवैल गांव में अपराधियों ने सोए अवस्था में गोली मार कर एक वृद्ध की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। जमीन विवाद घटना का कारण बताया जा रहा है। बदमाश फौजी की ड्रेस में मुंह ढ़के हुए थे। बताया गया कि गणेश मंडल (60) अपने परिवार के साथ दरवाजे पर सोए थे। आधी रात के करीब हथियारबंद पांच बदमाश बाइक से वहां पहुंचे। जाफरी के गेट को खोलकर दरवाजे पर पहुंच गए। दरवाजे पर सो रहे गणेश मंडल को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज पर परिजन जग गए।


परिजनों के अनुसार बदमाशों ने परिवार के अन्य लोगों को भी टारगेट करने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पड़ोस के लोगों के जगने के कारण बदमाश बाइक पर सवार हो कर फरार हो गए। घटना का कारण मृतक की पत्नी के मायके पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर भित्ता की उसके हिस्से की जमीन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।


मृतक गणेश मंडल की पत्नी बाबादाय देवी ने कहा कि लक्ष्मीपुर भित्ता स्थित मायके में पिता स्व. नवीलाल मंडल की जमीन में उसको हिस्सा मिला हुआ है। बीते दिनों उसी जमीन में से कुछ जमीन बेच दी गई। बेची गई जमीन का पैसा भी उसे नहीं मिल पाया है। इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई। गांव में उनलोगों की किसी से दुश्मनी नहीं है।


घटना की सूचना पर सोमवार की रविवार की देर रात करीब ढाई बजे पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।