Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/ दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो-ऑटो की टक्कर में 4 की मौत; 15 घायल; गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, August 29, 2023

MADHEPURA/ दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो-ऑटो की टक्कर में 4 की मौत; 15 घायल; गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी

बिहार के मधेपुरा जिले में मंगलवार सुबह ऑटो और स्कॉर्पियों के बीच हुए भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन एक ही परिवार के लोग शामिल हैं। ऑटो में सवार सभी लोग गंगा स्नान करने जा रहे थे। चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा-उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग में कलासन के पास हादसा हुआ। मरने वाले सभी पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत के भुराराही गांव के रहने वाले थे, जबकि घायल हुए लोग भुरारही और राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा पंचायत के वार्ड 14 के रहने वाले हैं। एक साथ चार लोगों की हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही भुरारही में मातम पसर गया।

बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह लगभग 3 बजे मनोज सदा की पत्नी समा देवी (35), सिन्टू सदा की पत्नी शकुन देवी (30), पुत्र राजवीर कुमार (9), पुत्री साक्षी कुमारी (9 माह) सहित सूरज सदा, सीता देवी, फुलिया देवी, मंजू देवी, राधा कुमारी, पंचम देवी, आशीष कुमार, घुटरी देवी, आशा देवी एक ही ऑटो पर सवार होकर गंगा स्नान करने भागलपुर जा रहे थे। इसी दौरान मधेपुरा जिला के चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा-उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग में कलासन के पास तेज रफ्तार में आ रहे स्कॉर्पियो चालक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में समा देवी, शकुन देवी, राजवीर कुमार और साक्षी कुमारी की मौत घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं स्कॉर्पियो में सवार राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा पंचायत के वार्ड 14 निवासी गंगाधर पाठक, जागेश्वर साह की पत्नी चंडी देवी, कामना देवी, अभिनव कुमार गिरी, द्रोपदी देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी घायल गंगा स्नान कर वापस स्कॉर्पियो से धरहरा लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उधर, भुरारही में घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

सिन्टू सादा का घर ही उजड़ गया।

हादसे में सिन्टू सादा की पत्नी और दो बच्चे की मौत से गांव में हर कोई मर्माहत दिखा। लोगों का कहना था कि सिन्टू सादा का घर ही उजड़ गया। अब उसके घर में कोई नहीं बचा। पत्नी सहित दोनों बच्चों की मौत की जानकारी मिलते ही सिन्टू सादा मधेपुरा अस्पताल चला गया था। घर में कोई नहीं था। उधर, समा देवी की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पुत्र मनोज सादा सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि समा देवी को दो पुत्री और एक पुत्र है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों बेटियां ससुराल से चल चुकी थी।