अररिया के होटल में देह व्यापार...आपत्तिजनक स्थिति में मिली युवती:पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़, होटल मालिक सहित दो लड़की और ग्राहक गिरफ्तार
अररिया के एक होटल में सेक्स रैकेट का संचालन।
अररिया के चांदनी चौक से जीरोमाइल जाने वाली मार्ग से पहले एक होटल का संचालन हो रहा था। इस होटल में छापेमारी कर पुलिस ने एक बार फिर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
होटल में देह व्यापार
पुलिस ने होटल के मालिक समेत दो युवती और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक, युवतियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई रविवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर की है। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना पुलिस को रविवार की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि जीरोमाइल से पहले एक रोटी सोटी होटल में चोरी छिपे सेक्स रैकेट चल रहा है। इसके बाद एसडीपीओ रामपुकार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद रोटी सोटी होटल में छापेमारी की गई।
आपत्तिजनक स्थिति में मिली युवती
छापेमारी के दौरान होटल के फर्स्ट फ्लोर के एक कमरे से आपत्तिजनक स्थिति में एक युवती और युवक मिले। जबकि दूसरे कमरे में एक अन्य युवती मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवती और एक युवक को पकड़ लिया है।
पुलिस ने होटल में देह व्यापार कराने के लिए रिसेप्शन काउंटर पर बैठे होटल संचालक साहबीर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ाई गई दोनों युवती असम के अलग-अलग शहर की रहने वाली है। युवक से पूछताछ जारी है।
जानकारी देते हुए सोमवार की देर शाम नगर थानाध्यक्ष शिव शरण साह ने बताया कि रोटी सोटी नामक होटल पहले बस स्टैंड में संचालित था। लेकिन उसे अब जीरोमाइल मार्ग में संचालित किया जा रहा है। इस होटल में सेक्स रैकेट का संचालन हो रहा है। यहां से देह व्यापार का धंधा चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद यहां छापेमारी की गई।
होटल किया गया सील
वहीं सोमवार की देर शाम तक होटल को सील करने की कार्रवाई की जारी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस होटल में लगभग आधा दर्जन युवतियां देह व्यापार के लिए बाहर से लाई गई थी।
पकड़े गए दोनों युवतियों के परिजनों को पुलिस ने सूचित कर दिया है। इधर, एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने होटल के संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी होटल में इस प्रकार का धंधा होते पाया गया तो होटल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस कड़े रुख से होटल संचालकों में भय व्याप्त हो गया है। मालूम हो कि शहर के ज्यादातर होटल में इस तरह के धंधे खुलेआम संचालित हो रहे हैं। इससे पहले भी दो होटल में छापेमारी कर पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था।