बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में एक शिक्षक पर स्कूली छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगा है। मामला मतिसरा हाई स्कूल का है। स्कूल के शिक्षक ने एक छात्रा से छेड़खानी कर दी। इस पर छात्राओं ने शनिवार को विद्यालय परिसर में भारी बवाल मच गया। मामला बढ़ने पर शिक्षक और हेडमास्टर स्कूल छोड़कर भाग गए। देखते ही देखते छात्राएं मैदान में उतर आईं और हंगामा काटने लगीं। मौके पर स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जमा हो गई। छात्राओं ने नरकटियागंज-भिखनाठोड़ी रोड को जाम कर दिया है।
छेड़खानी की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग भी स्कूल में पहुंच गए। कुछ छात्राएं शिक्षक की शिकायत के लिए पुलिस थाने गईं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र-छात्राओं को शांत करने में जुटी है। मगर छात्राएं सड़क पर उतर आईं और जाम लगा दिया। इससे वाहनचालकों को परेशानी हो रही है। पुलिस के समझाने के बावजूद छात्राएं आरोपी शिक्षक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ी रहीं।
अभिभावकों का कहना है कि आरोपी शिक्षक को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाए और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसे गंदे शिक्षकों को स्कूल में पढ़ाने का कोई हक नहीं है। मौके पर पुलिसकर्मी भी पहुंचे हैं। छात्राओं ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी है।
फिलहाल छात्राओं में भारी आक्रोश है। छात्राओं ने धमकी दी है कि अगर आरोपी शिक्षक फिर से स्कूल में दिखा, ताला लगा दिया जाएगा। हंगामे की वजह से सभी कक्षाओं की पढ़ाई बाधित हुई है।