सुपौल में रविवार सुबह 4 बजे पटना से पूर्णिया जा रही कामाख्या ट्रेवल्स की बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। बस में 50 यात्री सवार थे। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 9 घायल हो गए। बाकी को हल्की चोटें लगी। जो घटनास्थल से ही घर के लिए रवाना हो गए। जबकि घायलों को सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। घायलों में दो लोगों को सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। घटना भपटियाही थाना क्षेत्र सरायगढ़ के पास एनएच-57 मुख्य मार्ग की है।
शनिवार 9 बजे पटना से चली थी बस
घायलों में पूर्णिया के रामनगर मरंगा थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय अंकिता कुमारी, 25 वर्षीय तन्वी कुमारी, सदकोदरिया पंचायत के कोला गांव निवासी 50 वर्षीय शमीम अख्तर, 35 वर्षीय श्याम कुमार मंडल, 60 वर्षीय पूनम देवी, 65 वर्षीय जयदेवी, 65 वर्षीय धृतरा नारायण मेहता, 35 वर्ष से संतोष कुमार मेहता शामिल हैं। इनमें अंकिता और तन्वी को रेफर किया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। बस पटना से शनिवार 9 बजे चली थी। जो सुबह 6 बजे पूर्णिया पहुंचती।
मृतक की पहचान में जुटी है पुलिस
सरायगढ़ भपटियाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर शाहनवाज आलम ने सभी घायलों का इलाज किया। घटना में गंभीर रूप से घायल अंकिता कुमारी और तन्वी कुमारी को सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। भपटियाही थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने कहा कि बस ट्रक से टकरा गई थी। एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है। जिसकी पहचान की जा रही है।