Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL/जदयू MLA के इकलौते भांजे की मौत:फूट-फूटकर रोए विधायक अनिरुद्ध यादव, सांस लेने में परेशानी के बाद तोड़ा दम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 7, 2023

SUPAUL/जदयू MLA के इकलौते भांजे की मौत:फूट-फूटकर रोए विधायक अनिरुद्ध यादव, सांस लेने में परेशानी के बाद तोड़ा दम

जिले के निर्मली विधानसभा के जदयू विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव के सगे भांजे की बुधवार की देर रात माैत हाे गई। खाना खाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने शख्स को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सरायगढ़-भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपीपर में निर्मली विधायक अनिरूद्ध यादव का भांजा 46 वर्षीय लालेश्वर यादव उर्फ लाल यादव के रूप में हुई है। ड्युटी पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी जिसके कारण मौत हुई है। इधर, मौत की सूचना मिलते ही फुदन यादव, विधायक अनिरूद्ध प्रसाद यादव सहित परिजनों के चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। जदयू विधायक फूट-फूट कर रोते दिखे।


इकलौते भांजे की मौत से गमगीन परिजन।
बताया जाता है कि मृतक लाल यादव अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। इसके अलावा वे अपने मामा निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव के इकलौते भांजे भी थे। लाल की तीन बेटियां और एक बेटा है। 18 जून को ही उन्होंने धूमधाम से बड़ी बेटी की शादी की थी।


मौत के बाद लोगों में शोक।
लाल यादव बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। इधर, निर्मली विधायक अनिरूद्ध प्रसाद यादव के इकलौते भांजे की मौत के बाद निर्मली, सरायगढ़-भपटियाही, किशनपुर, सुपौल सहित जिलेभर में उनके रिश्तेदार सहित शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।