Kosilive Bihar News in Hindi/
प्रयागराज की ज्योति मौर्य केस के बाद देश भर में कई पुरुष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं पत्नियों को संदेह की निगाह से देखने लगे हैं, हाल ही में खबर आई थी कि प्रयागराज में पीसीएस की तैयारी कर रही कई महिलाओं को उनके पतियों के द्वारा घर बुला लिया गया है, अब ऐसा ही एक मामला बिहार के बक्सर जिले में भी सामने आया है, जहां एक पति ने प्रयागराज में रहकर प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए बीपीएससी की तैयारी कर रही अपनी पत्नी को वापस गांव बुला लिया है, वहीं अब मजबूरन पत्नी थाने में पहुंची और पुलिस के समक्ष आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
पत्नी की गुहार- मेरे पति को समझाओ
घटना बक्सर जिले के मुरार थाना की है. जहां एक महिला खूश्बू सिंह ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह उसके पति पिंटू सिंह को समझाए. खूश्बू ने थानाध्यक्ष से कहा- ‘ साहब मैं ज्योति मौर्या नहीं बनूंगी. मैं बेवफा नहीं हूं. मेरे पति को समझाओ कि मेरी कोचिंग न छुड़वाएं’. सभी बीबियां ऐसा नहीं कर सकतीं. बता दें कि खुशबू प्रयागराज में रहकर बीपीएससी की तैयारी कर रही थीं. उन्होंने इसके लिए कोचिंग में एडमिशन भी लिया था, लेकिन जैसे ही ज्योति मौर्या का मामला सामने आया और उसके पति का वीडियो वायरल हुआ तो खूश्बू के पति पिंटू ने वापस उसे घर बुला लिया. पत्नी खूश्बू की मानें तो पिंटू ने उसे कोचिंग के लिए पैसे तक देने से इंकार कर दिया, जिसकी वजह से उसे थाने आना पड़ा, हालांकि यहां आने से पहले उसने अपने पति को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने उसकी कोई बात नहीं सुनी.
पति ने कहा- बहुत प्यार करता हूं
पत्नी की शिकायत के बाद थानाध्यक्ष ने उसके पति पिंटू सिंह को समझाया कि हर पत्नी एक जैसी नहीं होती, लेकिन पति उसकी बात मानने को तैयार नहीं, पत्नी भी बार-बार यह कह रही है कि ऐसा नहीं है कि किसी एक पत्नी ने कोई गलत कदम उठा लिया, तो देश की और पत्नियां भी ऐसा ही करेंगी, उधर पति का कहना है कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता है. ऐसे में वह ऐसा नहीं चाहता कि अफसर बनने के बाद उसकी बीवी भी उसे छोड़कर चली जाए.
2010 में हुई थी दोनों की शादी
बताया जा रहा है कि मुरार थाना क्षेत्र के चौगाई गांव निवासी पिंटू कुमार सिंह की शादी वर्ष 2010 में हुई थी, उसी वक्त से उनकी पत्नी को वे प्रयागराज में रखकर बीपीएससी की तैयारी करा रहे थे, लेकिन पिछले दिनों ज्योति मौर्य केस के बाद उनके पति आलोक मौर्या की हालत देखकर पिंटू सिंह भी डर गया कि कहीं उसकी पत्नी भी अफसर बनने के बाद कहीं उसे छोड न दे जिसके बाद उसने सख्त कदम उठाया और पत्नी को वापस बुला लिया है.