Kosilive Wheather Report:
PATNA: बिहार में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। हर कोई लगातार बढ़ती तापमान से परेशान हो गया है। सभी बेसब्री से मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने 16 जून यानी शुक्रवार के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। इस अलर्ट ने लोगों को राहत देने के बाजाए और अधिक चिंतित कर दिया है।
दरअसल, मौसम विभाग ने पटना सहित राज्य के 14 जिलों के लिए लू के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि, मौसम विभाग ने 2023 में पहली बार लू का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों में रेड, 6 में ऑरेंज और 3 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा कि, अगले 3 दिनों तक राज्य में तामपान में गिरावट की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक गिरेगा।
मिली जानकारी अनुसार मौसम विभाग ने रेड अलर्ट : गया, औरंगाबाद, नवादा, भभुआ और रोहतास। ऑरेंज अलर्ट : पटना, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, भोजपुर व बक्सर और येलो अलर्ट : पूर्वी चंपारण, गोपालगंज व सीवान के लिए जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों के दौरान राज्य के दक्षिणी तथा मध्य बिहार में सतही हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंके के साथ हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का पूर्वानुमान है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून नालंदा और फारबिसगंज से गुजर रही है। साथ ही एक ट्रफ रेखा पूर्व बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व बिहार में एक-दो स्थानों पर 24 घंटे के दौरान वर्षा, मेघ गर्जन और बिजली चमकने की संभावना है।