Kosi Live-कोशी लाइव Supaul News/हवलदार पर रेप का आरोप:महिला बोली-कमरे में लेजा किया दुष्कर्म; चुप रहने की दी धमकी, SDPO का सुरक्षागार्ड है आरोपी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 12, 2023

Supaul News/हवलदार पर रेप का आरोप:महिला बोली-कमरे में लेजा किया दुष्कर्म; चुप रहने की दी धमकी, SDPO का सुरक्षागार्ड है आरोपी

Kosilive Supaul News:
जिले के निर्मली अनुमंडल मुख्यालय में एसडीपीओ के सुरक्षा गार्ड पर महिला ने रेप करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत की है। निर्मली थाना में शिकायत दर्ज हुई है।पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बता दें कि शनिवार के रात हुई घटना के बाद भी कुछ देर के लिए हंगामा मचा था। हालांकि रात ज्यादा होने के कारण मामला शांत हो गया, लेकिन सोमवार को एक बार फिर मामले ने तूल पकड़ा और लोग आरोपी की तलाश में थाना परिसर स्थित एसडीपीओ के पुराने आवास पहुंचे। हंगामा हुआ जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

इस मामले में एक चौकीदार और एक महिला पर हवलदार का सहयोग करने का भी आरोप है। आरोपी हवलदार निर्मली एसडीपीओ का सुरक्षा गार्ड बताया जा रहा है। घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही। महिला का आरोप है कि वह शनिवार को निर्मली बाजार से अपने घर जा रही थी। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उमेश नायक के घर के पास पहुंची तो वहां एक महिला मिली, जो उसे बर्तन साफ करने के बहाने प्रोफेसर निर्मल ठाकुर के खाली मकान में ले गई। वहां चौकीदार बौआ लाल मंडल के कमरे में उसे ले जाकर छोड़ दिया।

 
कमरे में पहले से ही निर्मली थाना में तैनात एक हवलदार राम शंकर वर्मा बैठा था। आरोप है कि हवलदार राम शंकर वर्मा ने कमरा बंद कर महिला के साथ रेप किया। हालांकि पीड़िता के शोर मचाने पर वहां स्थानीय राम प्रसाद पासवान, अरुण कामत, राकेश कुमार कामत, पप्पू कामत, बिरेन्द्र मुखिया सहित अन्य लोग पहुंच गए। आरोपी राम शंकर वर्मा वहां से एस्बेस्टर्स के घर पर कूद कर भाग निकला।

40 साल की महिला पीड़िता ने मामले में चौकीदार बौआ लाल मंडल के मिलीभगत की भी आशंका जताई है। आरोप लगाया कि जाते-जाते राम शंकर वर्मा ने धमकी देते हुए कहा कि इस घटना को किसी को मत बताना, क्योंकि मैं पुलिस वाला हूँ। किसी को बताओगी तो तुम्हारे पूरे परिवार को बर्बाद कर देंगे।

घटना को लेकर पीड़िता को भी लोगों से काफी कुछ सुनना पड़ा। बाद में घटना की निर्मली थाने में लिखित शिकायत की गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं 40 साल का आरोपी हवलदार रामशंकर वर्मा ने बताया कि उस पर जो आरोप लगाया गया है, वह गलत है, बेबुनियाद है।

इधर, निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।