Kosilive Purnea News
सड़क किनारे पेड़ से टकराई कार, मौके पर ही मनोज की हुई मौत
पूर्णिया के धमदाहां थाना क्षेत्र के लोहिया चौक के समीप बुधवार देर रात सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। युवक श्राद्धकर्म का भोज खाकर लौट रहा था, तभी कार का ब्रेक अचानक फेल हो गया। कार तेज रफ्तार में होने की वजह से सड़क किनारे लगी पेड़ से जा टकराई। घटनास्थल पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके घर वालों तक पहुंची घर में चीख-पुकार मच गया। फिलहाल युवक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है।
घटनास्थल पर ही गई जान
मृतक की पहचान धमदाहांं थाना क्षेत्र के नंदग्राम गांव निवासी पवितर यादव के बेटे 40 वर्षीय मनोज कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के परिजन ने बताया कि मनोज बुधवार देर शाम नंदग्राम गांव स्थित अपने घर से अपने मित्र के घर राजघाट गरेल गांव में श्राद्धकर्म के भोज में शामिल होकर लौट रहा था। तभी लोहिया चौक के समीप कार का ब्रेक अचानक फेल हो गया। कार तेज रफ्तार में थी। कार सड़क किनारे खड़ी पेड़ से जा टकराई, जिसके बाद मौके पर ही मनोज ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर जैसे ही उनके घर वालों तक पहुंची उनके घर में चीख-पुकार मच गया। हाट थाने से आए सिपाही चंदेश्वरी यादव ने बताया कि फिलहाल युवक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम में जुट गई है।