नेशनल डेस्क, कोशी लाइव। दिनों-दिन साइबर हैकर्स नए-नए कारनामे करते जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही पटना में रेलवे स्टेशन में प्लेटफार्म पर डिस्प्ले स्क्रीन पर पोर्न वीडियो चालू हो गया था जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ था। और अब ऐसी खबर वाराणसी से सामने आई है। जहां वाराणसी नगर निगम के ऑफिसियल फेसबुक पेज पर अचानक एडल्ट वीडियो अपलोड हो गया। वो भी एक दो नहीं बल्कि एक के बाद एक लगातार पांच वीडियो अपलोड हो गए।
उत्तर प्रदेश में अब साइबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इन्होंने अब आधिकारिक वेबसाइट को भी नहीं छोड़ा। शनिवार को निगम के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से एक के बाद एक पांच अश्लील एडल्ट वीडियो अपलोड किए गए। सुबह 6 बजे से पहला वीडियो डाला इसके बाद ये सिलसिला 5 वीडियो तक चलता रहा। वाराणसी के नगर निगम आयुक्त शिपू गिरी ने कहा है कि इसकी शिकायत पुलिस से की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि फेसबुक आईडी हैक हो गई है और साइबर सेल इस बारे में जांच कर रहा है।
बता दें कि वाराणसी नगर निगम का ऑफिशियल फेसबुक पेज जनता की समस्याओं के लिए बनाया गया है। आज अचानक से ऐसे आधिकारिक वेबसाइट पर न्यू सिरीज़ आन नेटफ्लिक्स 2023 के नाम पर लगातार 5 पोर्न वीडियो अपलोड होना काफी चिंता की बात है। साइबर क्राइम लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस पेज पर कुल 7.1 हजार फालोवर्स हैं और इन पोस्ट के अपलोड होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।