Kosilive Bihar News in Hindi:
खगड़िया/घटना जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के गिरजापुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक बेलदौर के रहने वाले एक युवक जब अपने बंकाया रुपए का तगादा करने काशनगर जा रहा था। गिरजापुर गांव के पास पांच की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया और उसके परिजनों से एक लाख रुपए फिरौती की मांग की।
इस दौरान अपहृत युवक को एक बगीचे में हाथ बांधकर रखा गया। अपहृत के पिता ने एक लाख रुपए देकर अपने बेटे को मुक्त कराया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली, जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
इस दौरान देसी कट्टा और दो गोली के साथ दो अपराधी भीड़ के हत्थे चढ़ गया। जिसे लोगों ने पकड़कर बेलदौर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए दोनों अपराधी की पहचान बेलदौर नगर पंचायत निवासी आर्यन कुमार और राजरतन उर्फ भोला कुमार के रूप में हुई है। अपहृत युवक की पहचान नगर पंचायत बेलदौर निवासी विशाल कुमार (20वर्ष) के रूप में हुई है।
पिता ने दर्ज कराई एफआईआर
बेलदौर नगर पंचायत निवासी उमेश साह ने थाना में आवेदन देकर कहा कि तगादा करने काशनगर जाने के दौरान मेरे पुत्र विशाल कुमार को गिरजापुर गांव में सशस्त्र अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया और एक लाख रुपए रंगदारी की मांग की गई।
अपराधियों को एक लाख रुपए देकर मैने अपने बेटे को उनके चंगुल से मुक्त कराया। घटना के बाद हनुमान नगर गांव में ग्रामीणों से उलझने के बाद ग्रामीणों ने दो अपराधी को देसी कट्टा व कारतूस के साथ दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अपह्रत के पिता के आवेदन पर गिरजापुर गांव निवासी कुंदन साह, श्रवण चौधरी समेत पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
बेलदौर के थानाध्यक्ष पंकज प्रकाश ने बताया कि लोगों की भीड़ के द्वारा दो युवक को हथियार के साथ सौंपा गया है। गिरफ्तार दोनों युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि उमेश सिंह नामक व्यक्ति ने अपने बेटे को अगवा कर एक लाख रुपए फिरौती वसूलने का आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।