Kosi Live-कोशी लाइव NEWS DESK/हर साल फैलाई जाती है मेरे निधन की अफवाह, आहत होकर शारदा सिन्हा ने फेसबुक पर लिखा- मैं जिंदा हूं - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 17, 2023

NEWS DESK/हर साल फैलाई जाती है मेरे निधन की अफवाह, आहत होकर शारदा सिन्हा ने फेसबुक पर लिखा- मैं जिंदा हूं

Kosilive Bihar News/
पिछले तीन-चार दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने निधन की खबर से आहत बिहार कोकिला पद्मभूषण शारदा सिन्हा ने सामने आकर अपनी मौत की झूठी सूचना का जोरदार खंडन किया है। उन्होंने इस तरह की खबरों से खुद के आहत होने की व्यथा अपने फेसबुक पेज पर शेयर की। हिन्दुस्तान से बातचीत में उन्होंने कहा-मन बहुत दुखी है। शारदा सिन्हा जिंदा है। चाहें तो राजेन्द्र नगर आवास पर आकर देख सकते हैं। वैसे मरने के बाद तो चली जाऊंगी, देख नहीं पाऊंगी कि लोग मेरे नहीं रहने पर कैसे दुखी होते हैं। तो जिंदा रहते ही अपनी मौत के बाद की स्थिति कुछ लोग दिखा रहे हैं। पंकज त्रिपाठी अभिनीत फिल्म कागज में मैंने एक गीत गाया है-सरकार विधवा बनौले कि पति मोरे जिंदा रे सखिया...। आज यह गीत खुद पर ही साकार होते देख रही हूं।

तीन साल में तीन बार फैलाई गई अफवाह
दरअसल, पिछले तीन साल में यह तीसरी मर्तवा है जब फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके निधन की सूचना कुछ लोगों ने पोस्ट कर दी। वर्ष 2020 में कोरोना काल में इंस्पेक्टर शारदा सिंह का निधन हुआ तो इस सूचना के साथ शारदा सिन्हा की तस्वीर पोस्ट की गई। फिर 2022 में 5 सितंबर को उनके निधन की झूठी खबर चली। उसके बाद दुख तथा शोक संवेदना जाहिर करने का सिलसिला आरंभ हो गया। हद तो यह हो गई कि इस सूचना की बगैर पुष्टि किए उनके पुत्र अंशुमन सिन्हा समेत अन्य परिजनों को फोन कर लोग जीवित शारदा जी के नहीं रहने पर अपनी संवेदना भी जताने लगे।

पार्श्व गायिका शारदा राजन का निधन
हालिया वाकया यह है कि मुंबई में पार्श्व गायिका शारदा राजन का निधन हो गया। सोशल मीडिया पर उनकी जगह शारदा सिन्हा की तस्वीर लगाकर निधन की जानकारी किसी ने पोस्ट कर दी। इस झूठी सूचना के बाद फिर पद्मभूषण शारदा सिन्हा समेत उनका परिवार परेशान हो गया। असल में शारदा सिन्हा पूरी तरह स्वथ्य हैं और हाल ही में मायके, सुपौल जिला के हुलास गांव से पटना आवास लौटी हैं। अपनी विदाई के दृश्य का वीडियो भी उन्होंने फेसबुक पेज पर डाला है। शुक्रवार को उनके पुत्र अंशुमन ने भी फेसबुक पर लाइव आकर ऐसी झूठी अफवाह फैलाने वालों की जमकर निंदा की।

फेक न्यूज प्रसारित न करें
शारदा सिन्हा ने कहा कि मेरी चिंता करने के लिए शुभचिंतकों को धन्यवाद देती हूं। साथ ही प्रार्थना भी करती हूं कि कृपया फेक सूचना प्रसारित न करें। उसके पहले यह जरूर सोच लें कि किसके बारे में और क्या तथा क्यों फेक सूचना दे रहे हैं।