Kosilive Madhepura News/
जिसके पीछे मधेपुरा पुलिस थी परेशान, पटना, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में जिसकी तलाश हो रही थी। जिसने चलती ट्रेन से कूद कर पुलिस से अपनी जान बचाई थी। उस शातिर शूटर को मधेपुरा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार शूटर बीते 26 मई को 2023 को दिनापट्टी के वर्तमान मुखिया दिलीप कुमार की दिनदहाड़े हत्या कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दिया था।
इस हत्या के पीछे जो साजिश थी उस साजिश को शूटर बौवा यादव ने बेनकाब कर दिया है। इससे पहले एक अन्य शूटर नीतीश की भी गिरफ्तारी हुई थी जिसे मधेपुरा पुलिस ने रेल पुलिस के सहयोग से चलती ट्रेन से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया था।
चलती ट्रेन से कुदकर भागा था आरोपी
लेकिन उस समय बौवा ने चलती ट्रेन से कूद कर अपनी जान बचाई थी। उसके बाद दिल्ली, पंजाब हरियाणा में पुलिस को चकमा दे कर भागता रहा। मधेपुरा पुलिस ने उसे मुरलीगंज के चामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसपी राजेश कुमार ने आज प्रेस वार्ता कर बताया कि बौवा की गिरफ्तारी से मुखिया हत्या कांड का राज पूरी तरह से खुल गया है। उन्होंने कहा कि मुखिया के सहयोगी रहे इलाके के हिस्ट्रिसिटर अपराधी अजय और विजय यादव ने इस हत्या की साजिश रची थी।
बौवा यादव लगातार बिहार से बाहर अपना ठिकाना बदल रहा था। ऐसी स्थिति में मधेपुरा पुलिस की एक टीम बौवा यादव के लगातार पीछे लगी थी। वह दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वह फिर वापस बिहार आ रहा था। जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने उसे कल गिरफ्तार कर लिया।