जिले में बीते 15-20 दिनों के भीतर एक ही तरह से दो ट्रैक्टर लूट की घटना से मधेपुरा पुलिस परेशान थी। लूटेरे बड़े ही चालाकी से ट्रैक्टर ड्राइवर को अपनी गाड़ी से दूर छोड़ देता और चाभी लेकर समान सहित ट्रैक्टर लेकर फरार हो जाता था।
इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी राजेश कुमार ने बताया कि बीते 10 जून को मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीठाही से एक ट्रैक्टर को लूटने की बात सामने आई थी। अपराधियों ने ट्रैक्टर चालक को झांसा में डालकर ट्रैक्टर को गायब कर दिया था।
इसी तरह 18 जून को भी भर्राही ओपी अंतर्गत राजपुर पेट्रोल पंप के पास से भी एक ट्रैक्टर लूट की वारदात सामने आई थी। दोनों मामलों में बाइक सवार दो शातिर ठग चालक को ओवरटेक कर रोका और कहा आपने पीछे एक व्यक्ति को ठोकर मारा है।
बाइक सवार अपराधी ट्रैक्टर को वहीं लगा कर चालक को बाइक पर बैठा कर अपने साथ ले जाता। कुछ किलोमीटर की दूरी पर कथित दुर्घटना के शिकार परिवार को लाने की बात कह कर वो वहां से गायब हो जाता।
पुलिस ने तीन अपराधी और तीन ट्रैक्टर किया बरामद
कुछ देर इंतजार के बाद जब चालक अपने ट्रैक्टर के पास आता तो ट्रैक्टर वहां से गायब मिलती थी। एसपी ने बताया कि मधेपुरा पुलिस ने इस घटना को एक चुनौती के रूप में लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मधेपुरा के नेतृत्व में कांड के खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया गया था।
जिस टीम में मधेपुरा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, भर्राही ओपी अध्यक्ष रमेश राम, मनोज कुमार बच्चन, नेसार आलम, मधेपुरा थाना के टेक्नीकल सेल के सदस्य और मधेपुरा कमांडों टीम के सदस्य को शामिल किया गया था। प्रारंभिक अनुसंधान से यह बात सामने आई कि घटना अंतरजिला गिरोह के द्वारा अंजाम दिया जा रहा है।
जिसके तार सहरसा और समस्तीपुर से जुड़े हैं। टीम ने तत्परता से काम करते हुए सबसे पहले एक अपराधी और दो संरक्षणकर्त्ता को गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त दो बाइक को बरामद किया। गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर मधेपुरा पुलिस ने समस्तीपुर जिले से तीन ट्रैक्टर को भी बरामद कर लिया है।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में ज्ञात हुआ कि अपराधियों के द्वारा चालक को झांसे में डालकर ट्रैक्टर लूटने के बाद उसे सबसे पहले सौरबाजार थाना अंतर्गत ग्राम इनरवा चिकनी ले जाया जाता था। वहां से महिषी थाना अंतर्गत मैना महपुरा भेजा जाता था। जहां से ट्रैक्टर को बिरौल (दरभंगा) के रास्ते रोसड़ा (समस्तीपुर) के रास्ते शिवाजी नगर ओ०पी० अंतर्गत दियरा इलाके में ट्रैक्टर को बेचा जाता था।
इस टीम के प्रयास से न केवल मधेपुरा जिले के दो ट्रैक्टर का पता चला बल्कि सहरसा के बैजनाथपुर से भी लूटी गई एक ट्रैक्टर को पुलिस ने वहां से बरामद किया। इस घटना में मधेपुरा, सहरसा और समस्तीपुर के अपराधी शामिल है, जिसकी पहचान हो चुकी है। वर्तमान में तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। शेष अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने इस टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत करने की भी बात कही। गिरफ्तार अपराधियों में सनतन कुमार पिता सिकन्दर यादव सा० बैजनाथपुर वार्ड नं0-23 थाना सौरबाजार जिला सहरसा, सुशील यादव पिता रामनरेश यादव सा0 इनरवा वार्ड नं0-05 थाना सौरबाजार जिला सहरसा और रजनीश कुमार पिता बिजेन्द्र यादव सा0 चिकनी वार्ड न0-02 थाना सौरबाजार जिला सहरसा शामिल हैं।