नालंदा में पत्नी के सुसाइड के बाद पति ने भी जान दे दी। उसने पत्नी की मौत के 21 दिन बाद मंगलवार सुबह फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली। दंपती अपने भांजे से परेशान थे। मामला नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर मोहल्ले का है।
जितेंद्र साव (36) के भांजे अमित कुमार ने मामी और जितेंद्र की पत्नी पूजा देवी (30) का अश्लील वीडियो बना लिया था। वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इससे परेशान होकर पहले पत्नी अब पति ने आत्महत्या कर ली। इधर परिवार ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही जितेंद्र साव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था।
एक साल से ब्लैकमेलिंग
परिवार के मुताबिक, अमित कुमार (19) ने पूजा देवी का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। जिसे वायरल करने की धमकी देकर बीते एक साल से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी कहता था कि मैं जैसा बोलता हूं, आप वैसा ही करो नहीं तो वीडियो वायरल कर दूंगा।
परिवार वालों ने भी उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी हरकतें नहीं बदली। जितेंद्र साव की पत्नी पूजा देवी ने 6 जून को भांजे की करतूत के कारण फांसी लगा खुदकुशी कर ली थी।
पत्नी की मौत के बाद से परेशान था जितेंद्र
पत्नी की मौत के बाद से जितेंद्र साव डिप्रेशन में था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मंगलवार की सुबह जब घर के लोग उठे तो जितेंद्र साव को पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया, जिसके बाद घर मे चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद परिजन ने बिना पुलिस को जानकारी दिए बिना आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों की शादी 2013 में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जो फिलहाल घर में ही रह रहे हैं।
पुलिस को घटना की जानकारी नहीं
इस मामले में आरोपी हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी अमित कुमार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं बिहार थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। पता लगाया जा रहा है।