कोशी लाइव/अक्की स्टार:
Kosilive Madhepura Bihariganj news
दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
मधेपुरा के बिहारीगंज हाई स्कूल के सामने शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक मो. आजाद (35) हथिऔन्धा वार्ड-1 बढ़ैया निवासी मो. हारूण का पुत्र है। बताया गया कि मृतक आजाद चालक का काम करता है। गांधी चौक के पास मैजिक वाहन खड़ा कर पैदल अपने घर बढ़ैया की ओर जा रहा था। हाई स्कूल के पास एक बाइक पर सवार तीन बेखौफ बदमाश पहुंचे। आजाद के माथे में गोली मार दी। गोली लगते वह सड़क पर गिर पड़ा और तड़प कर दम तोड़ दिया।
हालांकि घटना के वक्त स्थल पर चहल-पहल भी थी पर जबतक लोग कुछ समझ पाते घटना को अंजाम देकर बदमाश बाइक से निकल भागे। इधर आनन-फानन में लोग आजाद को पीएचसी लेकर गये जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक का घर बढ़ैया टोला पीएचसी के बगल में रहने के कारण घटना की जानकारी मिलते बड़ी संख्या में परिजन और टोले के लोग पीएचसी पहुंचे और अस्पताल के बेड सहित मृतक के शव को गांधी चौक पर लाकर दिन के लगभग 10 बजे आवागमन अवरूद्ध कर दिया। आक्रोशित लोगों ने ऐन मौके पर चौक होकर गुजर रहे एक चारपहिया वाहन के शीशा को फोड़ दिया। आक्रोश को देखते उपद्रव के भय से अपनी- अपनी दुकान को बंद कर लिया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय घटनास्थल और पीएचसी पहुंच जायजा लिया। जानकारी मिलते एसडीपीओ सतीश कुमार दलबल के साथ गांधी चौक पहुंचे। पदाधिकारियों को देखते आक्रोशित लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। समाचार प्रेषण तक आक्रोशित लोग शव के साथ गांधी चौक पर आवागमन अवरूद्ध कर नारेबाजी कर रहे हैं।