Kosilive Madhepura News in Hindi:
मधेपुरा के मुरलीगंज गोल बाजार स्थित भगत धर्मशाला में भाजपा के कार्यक्रम में एक नेता ने दूसरे को गोली मार दी। घायल भाजपा नेता पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के करीबी बताए जा रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई हैं।
विवाद के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। बीच-बचाव करने आए भाजपा जिलाध्यक्ष को भी पीटा गया। मौके पर पहुंची पुलिस की भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प भी हुई। पुलिस के मुताबिक रुपए के लेन-देन के विवाद में गोली चली है।
मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत बीजेपी की ओर से प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता पंकज कुमार निराला उर्फ पंकज पटेल पहले मंच पर आए।
इसी दौरान भाजपा नेता संजय कुमार भगत से पंकज की कहासुनी हो गई। पंकज ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली संजय कुमार भगत की कमर में लगी। घायल पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के करीबी हैं, जिन्हें मुरलीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आरोपी भाजपा नेता को लोगों ने घेर लिया
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने भाजपा नेता पंकज पटेल को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान काफी अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार को भी लोगों ने पीट दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने पंकज को भीड़ से बचाया और थाने ले गए।
कुर्सियां तोड़ दीं
संजय भगत को गोली लगने के बाद उनके समर्थक उग्र हो गए। भाजपा नेता पंकज और जिलाध्यक्ष की पिटाई के बाद कार्यक्रम में रखी गईं कुर्सियों को तोड़ दिया। पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी की गई।
आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई
आरोपी नेता पंकज ने कहा कि उन्हें जान से मारने का प्रयास किया जा रहा था। आत्मरक्षा के लिए उन्होंने हवाई फायरिंग की। वहीं, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर भाजपा नेता पंकज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, एसडीपीओ अजय नारायण यादव के मुताबिक संजय कुमार भगत का पंकज कुमार निराला पर रुपए उधार थे। उधारी मांगने पर पंकज कुमार निराला, संजय कुमार भगत के साथ उलझ गए। अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे, जिसमें एक गोली संजय कुमार भगत के कमर में लगी है। पुलिस ने पंकज कुमार निराला को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि लाइसेंस भी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है।