Kosi Live-कोशी लाइव Bihar: SBI बैंककर्मी हत्याकांड का खुलासा, पिता के मर्डर का बदला लेने के लिए बेटे ने दी थी 1 लाख की सुपारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 16, 2023

Bihar: SBI बैंककर्मी हत्याकांड का खुलासा, पिता के मर्डर का बदला लेने के लिए बेटे ने दी थी 1 लाख की सुपारी

Kosilive Bihar News:
गोपालगंज। जिले के लहलादपुर गांव निवासी बैंक कर्मी की अपराधियों ने बुधवार की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में चौंकानेवाला खुलासा हुआ है।

आरोपी ने पिता की हत्या का बदला लेने के चक्कर में बैंककर्मी की हत्या कराई है।

पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य पांच शार्प शूटरों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लहलादपुर गांव में बुधवार को एसबीआई की हथुआ शाखा के कैशियर रविंद्र यादव उर्फ पिंटू यादव की बाइक सवार पांच अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। हत्या की घटना के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित एसआइटी ने छापेमारी अभियान चलाते हुए सिवान से हत्याकांड के मुख्य आरोपी और शार्प शूटरों को सुपारी देने वाले मिथुन यादव को गिरफ्तार कर लिया।

मिथुन के साथ ही उसके चाचा छोटे लाल यादव को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शाहपुर गांव के मिथुन यादव के पिता मुन्ना यादव की पांच सितंबर 2020 को पीट-पीटकर व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इसके बाद से ही मिथुन यादव पिता की हत्या का बदला लेने की साजिश रच रहा था। इस बीच मिथुन यादव की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया व थावे के कुछ युवकों से हुई। उनसे मिथुन ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने की बात कही।

उन युवकों को मिथुन यादव ने एक लाख में बैंक कर्मी रविंद्र यादव की हत्या करने की सुपारी दे दी। हत्या की घटना के बाद और पैसे देने की बात कही गई। इसी बीच शार्प शूटरों ने रविंद्र यादव के घर पहुंच कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

मुन्ना यादव की हत्या में नामजद थे बैंककर्मी

मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी मुन्ना यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हत्या के बाद जमकर बवाल भी हुआ था। साथ ही पुलिस ने लाठीचार्ज करने के बाद मामले को शांत कराया था।

हत्या की घटना के बाद मांझागढ़ थाने में मुन्ना यादव की पत्नी संजू देवी के बयान पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेंद्र यादव, उनके भाई व कैशियर रविंद्र यादव, पंकज यादव, राहुल यादव, अभिमन्यु यादव सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी कराई गई थी। इसी घटना के बाद पुलिस ने राजेंद्र यादव व उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो कुछ दिनों पूर्व ही जेल से बाहर निकले हैं।

सिवान व सारण में चल रही छापेमारी

मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लहलादपुर गांव निवासी बैंक कर्मी रविंद्र यादव की हत्या की घटना को अंजाम देने वाले शार्प शूटर सिवान के बड़हरिया व थावे थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

हत्या की घटना के बाद सभी शार्प शूटर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टेक्निकल सेल की मदद से सारण व सिवान में छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया हत्या की घटना में जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बैंक कर्मी की हत्या की घटना के बाद पुलिस की टीम ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों की हत्या में क्या भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी। हत्या के मामले में प्राथमिकी भी कर ली गई है। स्वर्ण प्रभात, गोपालगंज एसपी