कोशी लाइव/इसुआपुर (सारण), संसू: नवादा गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में फरमाइशी गीत को लेकर बराती और सराती पक्ष के बीच हुई मारपीट के कारण पांच दिन पहले जनमासा से भागे दूल्हे की शादी संढ़वारा शिव मंदिर में कराई गई।
बताया गया कि 11 जून को थाना क्षेत्र के हंकारपुर गांव से मनोहर राय की बरात धूमधाम से थाना क्षेत्र के ही नवादा गांव निवासी सीताराम राय के यहां गई थी। लड़की के पिता ने अपने दरवाजे पर दूल्हे की द्वार पूजा कर ली थी।
नर्तकी से नृत्य कराने को लेकर हुआ विवाद
दूल्हे के बड़े भाई दुल्हन बनी रीना कुमारी का कन्या निरीक्षण करने जा रहे थे, तभी जनमासा में आयोजित आर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत पर नर्तकी से नृत्य कराने को लेकर बराती-सरती एक दूसरे से भिड़ गए।
इसी बीच सराती पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भाई के पेट में चाकू घोंप दिया। इस वजह से उसे नाजुक हालत में पटना पीएमसीएच भेजा गया था। यह देख बरातियों के साथ दूल्हा भी भाग गया।
इधर, दुल्हन मंडप में अपने दूल्हे का इंतजार करती रही। बाद में कन्या पक्ष के मुखिया प्रतिनिधि रोहित सिंह कुशवाहा, वर पक्ष के मुखिया प्रतिनिधि धनंजय साह एवं लौवां के पैक्स अध्यक्ष राजेश राय ने शादी कराने का प्रयास किया।
दोनों गांव के लोगों एवं वर व कन्या पक्ष के साथ बातचीत कर मंदिर में शादी के लिए सहमत करवा लिया। शनिवार को संढ़वारा शिव मंदिर में हिन्दू रीति-रिवाज से मनोहर और रीना की शादी संपन्न हुई। मौके पर बालेश्वर राय, रामेश्वर राय, अशोक राय, अरविद राय, सुनील राय आदि मौजूद थे ।