Kosilive Bihar News:
बिहार के पटना जिले में बहन की दूसरी जाति के युवक से लव मैरिज करने से नाराज भाई ने अपने बहनोई की हत्या कर दी। वारदात मसौढ़ी पितमास रोड स्थित खरांट गांव के मोड़ के पास हुई। साले ने चलती गाड़ी में अपने बहनोई के सिर में दो गोली मार दी। इसके बाद वहां से फरार हो गया। बहनोई अरुण कुमार (30) को जहानाबाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अरुण जहानाबाद के लालसेबिगहा गांव निवासी अर्जुन दास का पुत्र था। उसने भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना इलाके के सरैयाबाजार निवासी खुशी लाल सोनी की बेटी से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। अरुण की 2021 में कोर्ट मैरिज हुई थी। इस शादी से लड़की के घर वाले खुश नहीं थे।
मृतक के भाई प्रकाश के बयान पर मसौढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अरुण के साले ऋत्विक, राहुल, ससुर खुशी लाल सोनी और सास को नामजद आरोपी बनाया गया है। अरुण साल 2015-16 से 2018 तक सरैयाबाजार में एक एनजीओ में काम करता था। इस दौरान 26 साल की युवती के साथ उसे प्रेम हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन के विरोध के कारण वे भागकर जहानाबाद के लालसेबिगहा गांव आ गए।
युवती के परिजन ने बेटी को भगाने का केस दर्ज कराया था। साल 2021 में अरुण ने युवती से कोर्ट मैरिज कर ली। मृतक के भाई प्रकाश ने बताया कि इस साल फरवरी माह में युवती को उसके मायके वाले अपने घर ले गए थे। पत्नी की विदाई कराने हाल ही में अरुण बिहटा चौक स्कार्पियो से गया। वहीं, बहन को लेकर ऋत्विक घर से बिहटा पहुंचा। बिहटा से जहानाबाद के घर जाने के लिए स्कार्पियो पर आगे बैठे अरुण को पीछे बैठे साला ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फिर फरार हो गया।