Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:प्रेम 'जाल' में फंसी क‍िशोरी, पहले चकिया फिर पूर्ण‍िया में बेची गई: जिस्‍म के सौदागरों से मुश्किल से छूटी जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 11, 2023

Bihar News:प्रेम 'जाल' में फंसी क‍िशोरी, पहले चकिया फिर पूर्ण‍िया में बेची गई: जिस्‍म के सौदागरों से मुश्किल से छूटी जान

Kosilive Bihar News:
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), संवाद सहयोगी: पूर्वी चंपारण जिले के पीपरा थानाक्षेत्र से अगवा किशोरी को मोतिहारी पुलिस की विशेष टीम ने पूर्ण‍िया पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर पूर्णिया के रौटा थाना के शरीफगंज स्थित रेड लाइट एरिया से मुक्त करा लिया है।

मामले में तीन महिलाएं गिरफ्तार की गई हैं। तीनों की निशानदेही पर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि नवंबर 2022 में को से एक किशोरी लापता हो गई थी। इस मामले में पीपरा थाना में किशोरी के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पूर्णिया के रेडलाइट एरिया से मुक्‍त कराई गई किशोरी।

किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए चकिया डीएसपी सत्येंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस की टीम ने किशोरी को पूर्णिया के रेड लाइट एरिया से मुक्त कराया।

मामले में गिरफ्तार पूर्णिया जिला के सदर थाना के कब्रिस्तान टोला निवासी सोफिया परवीन उर्फ मधु, रौटा थाना के सरीफगंज निवासी निकहत बेगम, बहादुरगंज थाना के बाहादुरगंज समसेर निवासी सीमा खातून उर्फ रूबी खातून को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद जेल भेजा गया है। उनके पास से मिले सभी चार सेलफोन की कॉल डिटेल्‍स निकाली गई है। उस आधार पर संबंधितों की खोज की जा रही है।

शातिर युवक की बातों में आकर घर से नि‍कल गई थी किशोरी
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि किशोरी को पीपरा के ही एक युवक ने अपने प्रेमजाल में फंसाया। प्रेम के मोह में फंसकर किशोरी उसके साथ घर से निकल गई।


इस बीच युवक ने लड़की को चकिया में अपने मित्र को ले जाकर बेच दिया। चकिया में खरीदनेवाले युवक ने लड़की को पूर्णिया में ले जाकर देह व्यापार करने वाले गिरोह के हाथों रेड लाइट एरिया में बेच दिया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में किशोरी के पिता ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब पुलिस की टीम चकिया व पीपरा के दोनों युवकों की खोज कर रही है। साथ देह-व्यापार के लिए लड़कियों को अगवा करनेवाले गिरोह के सदस्यों को चिह्नित किया जा रहा है।