Kosilive Bihar News/
सारण: सारण के जनता बाजार थाने के सेंदुआर गांव में उपनयन संस्कार कार्यक्रम प्रस्तुति देने पहुंची भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को मंगलवार रात हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई। पैर में गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से उनके सहयोगी सीधे पटना ले गए और वहीं पर एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने पैर से गोली निकाल दी है। हालांकि इस घटना को लेकर स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।
उपनयन संस्कार में शामिल होने पहुंची थी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सेदुआर गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के घर में मंगलवार को उपनयन संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया था। भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय इसी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंची हुई थी।
इस घटना के संबंध में पूछे जाने पर जनता बाजार के प्रभारी थानाध्यक्ष नसरुद्दीन खा ने बताया कि थाने को इस बाबत कोई सूचना नहीं दी गई है। अभी जानकारी मिलने पर इसकी तहकीकात की जा रही है।