Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:नीतीश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले चेन स्नैचर्स निकले, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे सीएम; 2 अरेस्ट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 16, 2023

Bihar News:नीतीश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले चेन स्नैचर्स निकले, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे सीएम; 2 अरेस्ट

Kosilive Bihar News:
राजधानी पटना के बोरिंग रोड में एक महिला से चेन लूटकर भाग रहे दो अपराधी सुबह की सैर करने सुर्कलर रोड में निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षा घेरे में घुस गये। यह घटना गुरुवार की सुबह छह बजकर 40 मिनट पर हुआ। बाइक सवार दो अपराधी पैदल पथ के करीब पहुंच गये, जहां सीएम मौजूद थे। यह देख वहां सुरक्षा व्यवस्था में लगे एसएसजी के जवानों के बीच हड़कंप मच गया। किसी तरह आनन-फानन में पुलिसकर्मियों और एसएसजी के जवानों ने दोनों बाइक सवारों को खदेड़ा तो वे जमीन पर गिर गए। इसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

पलक झपकते ही जवानों ने दोनों को अपनी गिरफ्त में लेकर उनकी तलाशी ली। बाद में दोनों को सचिवालय थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर, मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में बाइक सवारों के घुसने की खबर मिलते ही एसएसपी राजीव मिश्र सहित कई बड़े पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। जब पुलिस ने पकड़े गये बाइक सवारों की जांच की तो पता चला कि वे चेन लुटेरे हैं। दोनों मसौढ़ी के रहने वाले हैं। आरोपितों ने खुद को नाबालिग बताया है। पुलिस उनकी उम्र का सत्यापन कर रही है।

फल खरीद रही थीं महिला तभी झपट ली चेन 
बुद्धा कॉलोनी थाना इलाके के राय जी की गली में रहने वाली महिला शशि सिन्हा (35) सुबह के वक्त टहलने निकली थीं। इसके बाद शशि मंदिर में पूजा करने गयीं। फिर वहां से निकलने के बाद वे फल के ठेले से खरीदारी कर रही थीं। इतने में बाइक सवार तीन बदमाश वहां आ धमके। उन्होंने महिला के गले से चेन झपट लिया फिर तेजी से वहां से भाग निकले। इसके बाद महिला ने इस घटना की शिकायत एसकेपुरी थाने में दर्ज करवायी।

एक साथी बीच रास्ते में उतर गया 
बाइक सवार तीन आरोपितों में एक बीच रास्ते में ही चेन लेकर उतर गया। जबकि बाकी के दो आरोपित बाइक से सर्कुलर रोड की ओर निकल गये।

जवानों ने हाथ दिया तो बढ़ा ली बाइक की रफ्तार
चेन झपटकर भाग रहे अपराधी जगजीवन गोलंबर से बीपी मंडल चौक की ओर आगे बढ़ रहे थे। यह देख मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे जवानों ने हाथ देकर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। जवानों को एकाएक रुकने का इशारा करता देख लुटेरों को लगा कि पुलिस उनके पीछे लगी है। इसके बाद उन्होंने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा ली और पैदल पथ के समीप जा पहुंचे जहां मुख्यमंत्री मौजूद थे। इसके बाद जवान हरकत में आये जिसे देख लुटेरे सड़क पर गिर गये।