Kosilive Bihar News:
जदयू सांसद सुनील कुमार उर्फ पिंटू पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। मामले में एक महिला ने हाजीपुर के सीजीएम कोर्ट में सांसद के खिलाफ परिवाद वाद दायर किया है। महिला का आरोप है कि सांसद नौकरी देने के नाम पर उसके साथ जबरदस्ती करता था और इसका विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी देता था।
इधर, जदयू सांसद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगे आरोपों को लेकर उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ किसने शिकायत की वह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि एक हफ्ते पहले सांसद ने पटना में महिला के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। जिसमें सांसद ने बताया था कि एक महिला वीडियो को एडिट कर उसे वायरल करने की धमकी दे रही है। उसके बदले में 2 करोड़ रुपए की मांग कर रही है।
सांसद ने पटना के शास्त्रीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया था। इस दौरान महिला से पूछताछ की गई। अब महिला ने भी 9 जून को हाजीपुर के सीजीएम कोर्ट में सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
महिला बोली- सांसद मेरे साथ गलत करता था
महिला ने बताया कि उसके पिता की तबीयत खराब थी और इलाज के लिए वह दर-दर भटक रही थी। तभी एक व्यक्ति ने सांसद पिंटू से मुलाकात कराई। इस दौरान मेरे पिता की मौत हो गई। फिर सांसद ने मुझे नौकरी देने का वादा किया। इसके एवज में वह मुझसे जबरदस्ती करते थे। उन्होंने मेरे साथ गलत किया।
सांसद द्वारा लगाया गया 2 करोड़ मांगने आरोप गलत
महिला ने कहा कि सांसद ने मुझ पर वीडियो वायरल कर जो 2 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया है, वह फर्जी है। सांसद अपने पद का दुरुपयोग कर हमें प्रताड़ित कर रहे हैं। सभी अखबारों में मेरा पर्सनल नंबर नाम के साथ छपवाया। मेरा चरित्र हनन किया गया है। मेरे परिवार की हत्या की धमकी दी जा रही है। मेरे ऊपर केस दर्ज कराकर मुझे ही फंसाया जा रहा है।