Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL NEWS/ सुपौल सदर अस्पताल में पारा मेडिकल विद्यार्थियों का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर OPD को किया बंद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 10, 2023

SUPAUL NEWS/ सुपौल सदर अस्पताल में पारा मेडिकल विद्यार्थियों का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर OPD को किया बंद

बिहार के सुपौल सदर अस्पताल परिसर में पारा मेडिकल छात्र संघ के विद्यार्थियों ने बुधवार को सवेरे से ही विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सदर अस्पताल में चल रही ओपीडी सेवा को भी ठप कर दिया। इस वजह से अस्पताल आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। ओपीडी में मौजूद डॉक्टर अपने कक्ष में ही डटे रहे।

पारा मेडिकल में पढ़ रहे विद्यार्थियों की मांग है कि जल्द ही उनके सेशन को ठीक किया जाए, कॉलेज में लेक्चरर की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्हें 1,500 रुपये मासिक इंटर्नशिप की राशि दी जाए। प्रदर्शन में शामिल छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में न तो पुस्तकालय है और न ही उनके हॉस्टल को बाउंडरी से सुरक्षित किया गया है। इसकी वजह से वे रात को डरी सहमी रहती हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी ये मांगें पूरी नहीं होती उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

सदर अस्पताल में जारी प्रदर्शन से अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। दूर-दराज से इलाज कराने आए मरीज हताश और परेशान नजर आए। वहीं, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अस्पताल में पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। अस्पताल अधिक्षक नूतन वर्मा भी ओपीडी पहुंच विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की। लेकिन प्रदर्शन कर रहे सभी छात्र-छात्राएं सीएस को बुलाने की मांग डटे हुए हैं।