कोशी लाइव/अक्की/मधेपुरा के गौशाला परिषर में शंकरपुर प्रखंड के रामपुर लाही मुखिया सह जिला मुखिया संघ उपाध्यक्ष पूजा पल्लवी के आह्वाहन पर जिले के सभी मुखिया की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने किया। बैठक में उपस्थित सभी मुखिया ने सरकार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया। मुखिया पूजा पल्लवी ने कहा कि आज सरकार द्वारा हमारे अधिकारों के हनन के विरोध में एकजुट होकर बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार मुखिया के साथ दोहरी नीति अपना रही है, हमारे अधिकारों को सरकार द्वारा छिनने की कोशिश की जा रही है। सरकार द्वारा पूर्व के आदेश पर ही हमलोगों द्वारा सरकार भवन के लिए जमीन खरीदा गया था। लेकिन अब सरकार भवन का टेंडर होने जा रहा है, जो कि गलत है। हमारे द्वारा सरकार भवन का निर्माण एक करोड़ तीस लाख में किया जाना था लेकिन अब वह दो करोड़ से ज्यादे की राशि में टेंडर होने जा रहा है। वहीं सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने का काम भी हमसे छिन कर उसका भी टेंडर किया जा रहा है। नल जल योजना फेल हो चुका है। सरकार हमारी सुरक्षा को लेकर कोई भी कदम नहीं उठा रही है, जबकि आये दिन जनप्रतिनिधियों की सरेआम हत्त्या हो रही है। सरकार द्वारा किसी भी योजना में पर्याप्त आवांटन नहीं होने के कारण कोई भी काम सही ढंग से नहीं हो रहा है। आक्रोश व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ जहाँ जनता द्वारा चुने गए सांसद, विधायक को सैलरी, पेंशन, मेडिकल, सुरक्षा की व्यवस्था है लेकिन मुखिया को कुछ 2500 रुपये मासिक के अलावा कुछ भी सुविधा नहीं दी जा रही है। अध्यक्ष मुकेश कुमार ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार हमारे मांगों को लेकर गंभीरता से विचार नहीं करती है और हमारे अधिकारों को वापस नहीं करती है तो हम उग्र रूप से सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। मौके पर मौजूद एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपने मांगों के समर्थन में समहारणालय पहुँच जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में जिले के सभी मुखिया मौजूद रहे।