Kosi Live Saharsa Bihar News:
पूर्व सांसद आनंद मोहन सुर्खियों में हैं। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में जहां उनकी रिहाई के खिलाफ सुनवाई हुई, वहीं सहरसा में उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेरे बाहर निकलने के बाद सबसे ज्यादा छटपटाहट किसको और क्यों है? वह जानते हैं कि ये आदमी कमल दल को हाथी की तरह रौंद देगा, फाड़ देगा।
हम जितने दिन रहेंगे समाजवाद के लिए लड़ते रहेंगे। कोई बार-बार कहे हम दलित विरोधी हैं पर महिषी इसका गवाह है। जब सात हजार राजपूत हुआ करते थे। उस समय 62 हजार मतों से जीते थे। और जिसे हराया था वो पिछड़ों के नेता हुआ करते थे।
आनंद मोहन के कैरेक्टर को कोई दिल्ली, यूपी या आंध्र प्रदेश से तय नहीं करेगा, बल्कि बिहार तय करेगा। ये बातें उन्होंने शुक्रवार की शाम महिषी के महपुरा गांव में कही।
पूर्व मुखिया की प्रतिमा का अनावरण
महिषी के महपुरा गांव में पूर्व सांसद ने पूर्व मुखिया स्व. इंद्रदेव सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। मंच पर मौजूद लोगों ने पूर्व मुखिया इंद्रदेव सिंह की स्मारिका का विमोचन किया।
इस दौरान मधेपुरा के जदयू सांसद दिनेश चंद्र यादव, सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के जदयू पूर्व विधायक अरुण यादव, जदयू नेता अंजुम हुसैन, पूर्व प्रमुख सियाराम सिंह, फ्रेंड्स ऑफ आनंद के जिला अध्यक्ष अजय कुमार बबलू, बम सिंह, संतोष सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।