Kosi Live Bihar News/
रुपए का प्रलोभन देकर पहले महिलाओं की अश्लील फोटो और वीडियो अपने व्हाट्सएप पर मंगवाना भारी पड़ गया है। फिर बाद में इसी अश्लील फोटो और वीडियो के एवज में महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाले शातिर गिरोह के दो युवकों को पुलिस ने दबोचा है। शातिर युवक महिलाओं की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे।
फिर उन्हें ब्लैकमेल करते और फिर अपने खाते में पैसे मंगवाते थे। इस मामले से जुड़ी पहली लीड तब मिली, जब ब्लैकमेलिंग की शिकार एक महिला ने पुलिस में इस मामले की शिकायत की।पकड़े गए युवकों की पहचान रघुवंश कुमार यादव और इंटू दास के रूप में हुई है। भागलपुर के समौला से लगे तारण गांव में बैठकर ब्लैकेलिंग के धंधे को ऑपरेट कर रहा था।
कई थानों से शिकायत मिल रही थी
सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आमिर जावेद को पूर्णिया के कई थानों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर रुपए के प्रलोभन के एवज में महिलाओं का अश्लील फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल में मंगवा कर महिलाओं को ब्लैकमेल कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस को पहली लीड तब मिली, जब शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की एक महिला ब्लैकमेलिंग गैंग के खिलाफ मामले की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची।
SIT का गठन किया था
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी आमिर जावेद ने सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार के नेतृत्व में मुफस्सिल थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा और कुछ अन्य तेज तर्रार पुलिसकर्मियों को मिलाकर SIT का गठन किया। इसके बाद पुलिस ने भागलपुर के समौला से लगे तारण गांव में बैठे दोनों शातिर युवकों को दबोच लिया है। गिरफ्तार युवकों के मोबाइल फोन से पीड़ित महिला के साथ-साथ कई अन्य महिलाओं के अश्लील फोटो एवं वीडियो बरामद किया गया है।
महिलाओं को झांसा दिया जाता था
पुलिस की पूछताछ में शातिर युवकों ने कहा है कि वे लोग पहले महिलाओं को झांसा देकर रुपए का प्रलोभन देते। इसके बाद व्हाट्सएप से महिलाओं से नग्न फोटो और वीडियो अपने पास मंगवाते। इसके बाद उस वीडियो और फोटो के एवज में वायरल करने का धमकी देकर उनसे ब्लैकमेल कर अपने खाते में पैसे मंगवाते थे। इस दौरान सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने आमजन से अपील है कि वे अपना निजी फोटो और वीडियो किसी से साझा ना करें।