पूर्णिया के रघुवंशनगर ओपी के महीखंड गांव में सोमवार रात खुलेआम हाथों में पिस्टल लहराते घूम रहे एक लड़के को ग्रामीणों ने धर दबोचा। मिली जानकारी के मुताबिक लड़का गांव की एक लड़की पर पिछले कई दिनों से डोरे डाल रहा था। सोमवार रात उसी लड़की को घर से उठाने पहुंचा था। हालांकि वह अपने मनसूबों में कामयाब होता, इससे पहले ही उस पर ग्रामीणों की नजरें आ ठहरी। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लड़के को धर दबोचा। वहीं इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो पूर्णिया के बिकोठी प्रखंड के रघुवंशनगर ओपी के महीखंड गांव की बताई जा रही है। रघुवंशनगर ओपी पुलिस ने इस वीडियो और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि भी की है। देर रात के इस वीडियो में जमीन पर बैठे लड़के को साफ देखा जा सकता है। उसके हाथ में एक देसी थ्रीनट राइफल लिए भी देखा जा सकता है।
इसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने रघुवंशनगर ओपी पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके फौरन बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल के साथ लड़के को गिरफ्तार कर लिया। लड़के के नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने उसके नाम का खुलासा नहीं किया है। वहीं पुलिस एफआईआर में स्थानियों ने लिखा है कि लड़का किसी अपराध की योजना बनाने के लिए आया था। गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर जब लड़के पर पड़ी। उन्होंने उसे पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
वहीं गिरफ्तार लड़के ने बताया है की वह राजघाट का रहने वाला है। गांव की किसी लड़की को पसंद करता है। काफी दिनों से उसके पीछे डोरे डाल रहा था। उसे घर से उठाने देर रात वह गांव पहुंचा था। फिलहाल रघुवंश नगर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।