Kosilive Purnea News:
रूपौली थाना क्षेत्र के गोड़ियरपट्टी श्रीमाता पंचायत के बेरमा बहियार कारी कोसी के पास रविवार को आधा दर्जन अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बैरिया थाना टीकापट्टी निवासी राजेश यादव (43) पिता दिनेश यादव के रूप में हुई है।
बेरमा बहियार में मकई का भुट्टा छिलवाने गया था राजेश।
वारदात के बाबत बताया जाता है कि राजेश यादव रविवार की सुबह बेरमा बहियार में मकई का भुट्टा छिलवाने गया हुआ था। जहां अपराधियों ने रंगदारी के लिए उसे गोली मार दी। गोलीबारी में घायल राजेश को वहां मौजूद मजदूरों और उसके परिजनों ने रूपौली रेफरल अस्पतल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मक्के के सीजन में रंगादारी मांग रहे हैं अपराधी
बैरिया गांव के ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि दियारा इलाके में कई दिनों से मक्के की फसल काटने पर अपराधी रोक लगा रहे हैं। फसल काटने के एवज में अपराधी रंगादरी के रूप में मोटी रकम की मांग करते हैं। रंगदारी नहीं देने वालों किसानों को अपराधी गोली मार दे रहे हैं। राजेश की हत्या उसी का एक उदाहरण है।
3 दिन पहले पुलिस की निगरानी में कटाई गई फसल।
3 दिन पहले अपराधियों के बढ़ते खौफ के कारण किसानों ने पुलिस की निगरानी में फसल कटवाया। बताया जाता है कि तीन दिन पहले अपराधियों के खौफ के कारण मामले की सूचना पुलिस को दी थी। किसानों की शिकायत के बाद टीकापट्टी पुलिस की गश्ती गाड़ी खेत पहुंची और किसानों की फसल कटवाई।