छात्र-छात्राओं को शिक्षा देने वाले एवं शिष्टाचार का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी ही अगर शिष्टाचार भूल जाये तो उस शैक्षणिक संस्थान का क्या हाल होगा। वहां के बच्चे क्या सीखेंगे यह अंदाजा लगाया जा सकता है। मधेपुरा के भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय अंतर्गत एक महाविद्यालय के वर्तमान प्राचार्य एवं पूर्व प्राचार्य के द्वारा एक दूसरे पर कुर्सी फेंकने का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय अंतर्गत एलएनएमएस कॉलेज बीरपुर सुपौल का है।
वीडियो में यह देखा जा सकता है कि महाविद्यालय के वर्तमान प्राचार्य एवं पूर्व प्राचार्य के बीच किसी बात को लेकर बहस चल रही है। बहस के दौरान वहां पर दो अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी देखे जा सकते हैं। हालांकि दोनों के बीच किस बात को लेकर बहस चल रही है, इसका पता नहीं चल पाया है। जो जांच का विषय है। मामले के बाद घटना की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भी मिली और विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए कमेटी भी बना दिया। अब तक यह मालूम नहीं चल पाया है कि घटना का कारण क्या था।
वीडियो महाविद्यालय के सीसीटीवी फुटेज का माना जा रहा है। जिसमें ऑडियो नहीं है, जिसके कारण वर्तमान एवं पूर्व प्राचार्य के बीच विवाद का सही सही पता नहीं चल पा रहा है।
वीडियो के अनुसार वर्तमान प्राचार्य एवं पूर्व प्राचार्य के बीच बस चल ही रही थी कि पूर्व प्राचार्य ने वर्तमान प्राचार्य पर कुर्सी फेंकने के लिए कुर्सी उठा ली और वर्तमान प्राचार्य ने भी अपने हाथों में जूता ले लिया।
इसी बीच पूर्व प्राचार्य ने वर्तमान प्राचार्य पर कुर्सी फेंक दी। जिसके बाद वर्तमान प्राचार्य ने भी पूर्व प्राचार्य पर कुर्सी फेंक दी। दोनों के बीच मामला बढ़ता देख वहां मौजूद कर्मचारी ने बाहर से शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बुलाया और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार या वायरल वीडियो कुछ दिन पूर्व का है।