Kosi Live Purnea Bihar News/
पूर्णिया के रूपौली से विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर धर्मकाटा संचालक ने मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। धर्मकाटा संचालक का आरोप है कि भवानीपुर प्रखंड प्रमुख अवधेश मंडल हथियारों से लैस करीब 50 लोगों के साथ आ धमके। न सिर्फ उन पर और उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया बल्कि कैश और सोने की चेन तक छीन लिए। पीड़ित ने इस मामले को लेकर विधायक के पति अवधेश मंडल के खिलाफ भवानीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं विधायक बीमा भारती और अवधेश मंडल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए काउंटर एफआईआर की बात कही है।
पीड़ित माधव महतो ने बताया कि रविवार दोपहर वे अपने धर्म कांटा पर सोए हुए थे। इसी दौरान लगभग बारह बजे रूपौली विधायक व पूर्व मंत्री बीमा भारती के पति व प्रखंड प्रमुख अवधेश मंडल हथियारों से लैस 40- 50 लोगों के साथ भवानीपुर स्थित धर्मकांटा पर आ धमके। यहां वे उनके बेटे पंकज उर्फ रिंकी महतो के पास पहुंचे। जब तक रिंकू कुछ समझ पाता अवधेश मंडल और उनके लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
माधव महतो ने बताया कि जब वे अपने बेटे को बचाने गए तो सभी ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। इस हमले में उनका हाथ टूट गया। उन्होंने बताया कि अवधेश मंडल संदीप को खोजते हुए उनके धर्म कांटा पर पहुंचे थे। वहीं बाद में संदीप के साथ भी मारपीट की गई। संदीप की ओर से भी अवधेश मंडल के खिलाफ भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
रूपौली विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि वे रुपौली की जनता मुझे लगातार विधायक चुनती आई है। इस वजह से स्थानीय राजनीतिक प्रतिद्वंदी की ओर से उन्हें फंसाने की नई साजिश रची गई है। इस पूरे घटनाक्रम में अवधेश मंडल कहीं शामिल नहीं हैं। घटना वाले दिन अवधेश मंडल पटना में थे। यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि माधव महतो की ओर से अवधेश मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।मामले की जांच की जा रही है।