Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/केरल से फोन पर पति बोला-अच्छी नहीं लगती हो..छोड़ देंगे: इतना सुनते ही फंदे से झूल गई पत्नी; एक साल पहले हुई थी शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 5, 2023

BIHAR/केरल से फोन पर पति बोला-अच्छी नहीं लगती हो..छोड़ देंगे: इतना सुनते ही फंदे से झूल गई पत्नी; एक साल पहले हुई थी शादी

Kosilive Bihar News/जमुई में एक महिला को उसके पति ने कहा कि तुम अच्छी नहीं दिखती हो, तुम्हें छोड़ देंगे, इतना सुनते ही पत्नी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पति केरल में रहकर मजदूरी करता है। वहीं से फोन पर उसने पत्नी को कॉल कर ये सारी बातें कहीं। जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।

मामला झाझा थाना क्षेत्र के बालापाडर करहरा गांव का है। पति श्रीराम मंडल (23) पत्नी रानी (22) को पसंद नहीं करता था। रानी के पिता ने बताया कि ससुराल वाले भी उसे हमेशा ताने मारते थे।

2022 में हुई थी शादी

रानी के पिता सहदेव मंडल (50) ने बताया कि पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। सब कहते थे कि तुम सुंदर नहीं हो। इससे परेशान होकर रानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पति और ससुर केरल में करते हैं मजदूरी

रानी के पति और ससुर दोनों केरल में मजदूरी करते हैं। रानी अपनी सास के साथ अपने ससुराल में रहती थी। गुरुवार को भी उसके पति ने फोन पर उसकी सुंदरता को लेकर बुरा-भला कहा और उसे छोड़ने की धमकी दी थी।

मैंने फोन किया तो बहुत रो रही थी- पिता

रानी के पिता सहदेव मंडल ने बताया कि पहले पता चला कि उसकी तबीयत खराब है। मैंने फोन किया तो बहुत रो रही थी। मैंने उससे कहा कि मैं आता हूं। जब ससुराल पहुंचा तो देखा कि मेरी बेटी फंदे से झूल रही है। रानी अपनी सास के साथ रहती थी, लेकिन वो भाग गई थी।

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

वहीं पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। झाझा थानाध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।