Kosilive khagaria News:
खगड़िया में 3 वर्ष के सगे मासूम भतीजे की हत्या करने वाली चाची को कोर्ट ने शनिवार को उम्र कैद की सजा सुनाई है। उम्र कैद के साथ 20 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। जिसके बाद कोर्ट रूम से महिला को सीधे मंडल कारा खगड़िया ले जाया गया। मासूम की हत्या के मामले में महज 22 माह में ही सुनवाई पूरी कर आरोपी को सजा सुनाए जाने का जिले का यह पहला मामला है।
मामला जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी गांव की है। जहां बीते 8 जुलाई 2021 को आशा देवी नाम की महिला ने अपने पति के भाई के तीन वर्षीय पुत्र की घर में ही गला घोंटकर हत्या कर शव को ट्रंक में छिपा दिया था। इस मामले में न्यायालय ने साक्ष्य और गवाह के साथ पुलिस की चार्जशीट के आधार पर हत्यारोपित महिला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजुला भारती ने जानकारी देते हुए कहा कि अभियुक्त ने गोतनी के 3 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी तथा लाश को ट्रंक मे छिपाकर रख दिया l
पुलिस के प्रयास से लाश अभियुक्त के घर से बरामद किया गया। मृतक की माता ने इस घटना की शिकायत बेलदौर थाना मे लिखित रूप से की थी। मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अभियुक्त के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाकर आरोपित महिला को आजीवन कारावास एवं बीस हजार रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई है। इस वाद में सरकार की ओर से लोक अभियोजक गजेंद्र प्रसाद महतों एवं बचाव पक्ष की ओर से पैनल अधिवक्ता बिपिन कुमार सिंह ने अपना अपना पक्ष रखा।
गोतनी से मोबाइल के लिए हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी गांव की आशा देवी अपने पूरे परिवार के साथ रहती थी। उनके पति तीन भाई हैं और सभी एक साथ रहते हैं। 7 जुलाई 2021 को आशा देवी का अपनी गोतनी से मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ था। जिससे आक्रोशित होकर आशा देवी ने बदला लेने के लिए मौका देखकर चुपके से गोतनी के पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी और मासूम के शव को अपने कमरे के अंदर रखे ट्रंक में छिपा दिया। बाद में मासूम बच्चे की खोजबीन होने लगी और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम इधर उधर ढ़ूढ़ने लगी, मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन पुलिस टीम घर के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी तो घर में दोनों गोतनी के बीच झगड़ा की बात सामने आई। पुलिस को जानकारी मिली कि झगड़ा होने के कुछ घंटे बाद से ही मासूम घर से अचानक गायब है। जिसके बाद आशा देवी से सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसी के निशानदेही पर शव को ट्रंक से बरामद किया गया।