Attempted to Rape : भागलपुर/ बिहार पुलिस ने रविवार की शाम भूमि-राजस्व विभाग के एक अंचलाधिकारी को एक कमरे से गिरफ्तार किया। वह कमरे में बेड पर एक महिला से जबरदस्ती कर रहा था। आरोप है कि उसने जमीन के म्यूटेशन के नाम पर महिला को वहां बुलाया था।
Kosi Live Bihar News:
संभव है कि वह ट्रैप हुआ हो। लेकिन, जिस स्थिति में उसे गिरफ्तार किया गया- छिपाने के लिए सिर्फ महिला की पहचान बचती है। भागलपुर पुलिस ने रविवार की शाम भू-राजस्व विभाग के अंचलाधिकारी (Circle Officer) को महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में एक कमरे के बिस्तर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सीओ नवगछिया अनुमंडल के नारायणपुर अंचल का अजय कुमार है। महिला के अनुसार, उसने जमीन दाखिल खारिज के नाम पर यहां गलत नीयत के साथ बुलाया और बिस्तर पर खींचकर जबरदस्ती करने लगा। पुलिस को घटना की आशंका के बारे में जानकारी दी गई और ऐन वक्त पर उसे जबरदस्ती करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
म्यूटेशन की आड़ में करना चाहता था गलत काम
महिला के पति ने बताया कि उसके पास दो कट्ठा छह धुर जमीन है, जिसमें से छह धुर में वह लोग रह रहे हैं। छह धुर का म्यूटेशन (दाखिल खारिज) किसी कारणवश कैंसिल हो गया था। दो कट्ठा जमीन के दाखिल खारिज का पेपर दुरुस्त था, इसलिए उस जमीन की रजिस्ट्री हो गई। शेष का पेपर सुधारने के मामले में यह परिवार अंचलाधिकारी के पास फरियाद लगा रहा था।
रविवार को सुबह से ही फोन कर बुला रहा था
पीड़िता के पति का यह भी कहना है कि सीओ अजय कुमार सरकार मेरे पत्नी के नंबर पर रोज फोन कर उसे अपने पास बुलाता था कि आओ तो काम हो जाएगा। रविवार सुबह भी छह बजे फोन किया और कहा कि तुम नवगछिया आओ। जब मेरी पत्नी ने पूछा कि आज रविवार है, कार्यालय बंद है तो आकर क्या होगा। इसके जवाब में सीओ ने कहा कि यहां आने के बाद मैं बताऊंगा कि क्या बात है।
बाथरूम में जाकर किया कॉल, तुरंत पहुंची पुलिस
पीड़िता का कहना है- "सारा कागज लेकर जब मैं वहां पहुंची तो वहां सीओ ने कमरे में बिस्तर पर खींचकर जबरदस्ती शुरू कर दी। मैंने बाथरूम जाने के बहाने पुलिस को कॉल कर दुष्कर्म की आशंका जताई।" इसी सूचना के आधार पर तत्काल महिला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सीओ को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
एफएसएल की टीम कर रही है जांच
पुलिस ने तुरंत घटना की जानकारी एफएसएल की टीम को भी दी। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कमरे के बिस्तर सहित सभी जगहों की जांच पड़ताल कर साक्ष्य ले गई। पुलिस ने रंगे हाथ पकड़े जाने के कारण अंचलाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, समय पर सूचना मिलने के कारण ही सीओ की मंशा पूरी नहीं हो सकी, लेकिन कमरे में महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने और महिला की ओर से लगाए आरोपों के मद्देनजर जांच-पूछताछ की प्रक्रिया चल रही है।