Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:अंधेरे में बच्चों का भविष्य, पटना से भेजी गयी 6.60 लाख किताबों का सेट रास्ते में गायब, जानें पूरी कहानी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 26, 2023

BIHAR NEWS:अंधेरे में बच्चों का भविष्य, पटना से भेजी गयी 6.60 लाख किताबों का सेट रास्ते में गायब, जानें पूरी कहानी

Kosi Live Bihar News:
बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है. बताया जा रहा है कि राजधानी पटना से सूबे के 25 जिलों में भेजी गयी 6.60 लाख बच्चों की किताबें बीच राह में ही गायब हो गयी हैं.

बीएसटीबीपीसी यानी बिहार स्टेट टेक्स्ट बुक पब्लिकेशन कॉरपोरेशन ने अब तक सभी जिलों को 86 लाख 89 हजार 643 सेट किताबें भेजी हैं, जबकि जिलों से विभाग को भेजी गयी रिपोर्ट के अनुसार 80 लाख 29 हजार 625 सेट किताबें मिली हैं. दोनों के आकड़ों में 5.16 प्रतिशत का अंतर है. सबसे अधिक बांका में 21.58 प्रतिशत किताबें मिसिंग हैं, जबकि औरंगाबाद में 20 सेट अधिक किताब मिलने की रिपोर्ट है. खास बात यह है कि पटना में ही 82789 यानि 12.62 प्रतिशत का अंतर मिला है. वहीं मुजफ्फरपुर के 29575 बच्चों की किताबें गायब हो गयी हैं. वहीं, 12 जिलों में दोनों का आकड़ा बराबर है.

दो महीने में लक्ष्य के 62.80% किताबें ही भेजी

विभाग ने इस साल पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को पैसे के बदले सीधे किताब देने का निर्णय लिया और इसकी जिम्मेदारी बीएसटीबीपीसी को दी गयी. 15 अप्रैल तक डिमांड के 70 प्रतिशत की आपूर्ति करनी थी. सभी जिलों से एक करोड़ 82 लाख 65 हजार 344 सेट किताबों की डिमांड भेजी गयी थी, जिसमें 70 प्रतिशत के हिसाब से एक करोड़ 27 लाख 86 हजार 437 सेट किताबें भेजनी थी. 22 मई को जारी रिपोर्ट के अनुसार सभी जिलों को लक्ष्य से 37.20 प्रतिशत कम किताबें ही मिली है. इसमें मुजफ्फरपुर में 54.98 प्रतिशत किताबें ही मिल सकी है. जिले से आठ लाख 27 हजार 48 बच्चों के लिए डिमांड भेजी गयी थी, जिसमें पहले चरण में पांच लाख 78 हजार 950 किताबें मिलनी थीं. विभाग के अनुसार अभी तीन लाख 18 हजार 301 सेट किताबें ही मिली है.

 
जिलेवार गायब किताबें

बांका-53258

सीतामढ़ी-82789

पटना-60290

समस्तीपुर-64739

बेगूसराय-43503

पूर्णिया-48303

दरभंगा-42403

पूर्वी चंपारण-62659

किशनगंज-22159

जमुई-17791

रोहतास-20311

पश्चिमी चंपारण-25967

मुजफ्फरपुर-29575

गोपालगंज-11158

खगड़िया-9082

बक्सर-6001

सारण-13646

कटिहार-10730

वैशाली-10613

अररिया-9521

भागलपुर-8338

नालंदा-4148

सीवान-2727

नवादा-325

कैमूर-12

रिपोर्ट: धनंजय पांडेय, मुजफ्फरपुर