खगड़िया में हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक कुख्यात अपराधी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार अपराधी के पास से एक माह पूर्व लूटी गई एक पल्सर बाइक और 6 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अपराधी को जेल भेज दिया।
पकड़े गए अपराधी की पहचान जिले के अलौली थाना क्षेत्र स्थित रामपुर अलौली गांव निवासी महेश्वर यादव के पुत्र विवोध यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक जिले के गंगौर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गंगौर थाना क्षेत्र में बीते 7 फरवरी को लूटी गई बाइक विवोध यादव ने अपने घर में छिपाकर रखा है। जिसके बाद पुलिस टीम ने उक्त अपराधी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से लूटी गई बाइक के अलावा 6 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
लूट-छिनतई सहित 13 संगीन मामले का है आरोपी
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए पेशेवर अपराधी विवोध यादव के विरुद्ध लूट और छिनतई सहित कुल 13 संगीन मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध जिले के गंगौर थाना, अलौली थाना, चौथम थाना के अलावा समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना और बेगूसराय जिले के बखरी थाना में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है।
बताया जाता है कि अपराधी विवोध यादव विभिन्न इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर मारपीट करते हुए लूटपाट और छिनतई करता था। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो जाता था, जिसे पुलिस लंबे समय से खोज रही थी। गंगौर के थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।