Kosilive Bihar News:बिहार के पूर्णिया से चोरी का गजब मामला सामने आया है। यहां चमचमाती स्कॉर्पियो (लग्जरी गाड़ी) से बकरी की चोरी की गई। कार सवार चोरों ने एक गांव में 10 बकरी चोरी कर ली। इस चोरी का खुलासा एक घर में लगे CCTV कैमरे से हुआ। चोरों की करतूत CCTV में कैद हो गई।
घटना जिले के धमदाहा प्रखंड के मीरगंज के हरिनपोल से लगे तारोनी मुस्लिम टोला की है। चोरी का 59 सेकेंड का फुटेज सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि 23 मई की रात 1 बजकर 20 मिनट पर स्कॉर्पियो सवार चोर पहुंचे। चार लोग बारी-बारी से गाड़ी से उतरते हैं। वहीं एक शातिर स्कॉर्पियो ड्राइव कर रहा था।
दो चोरों ने घर के बाहर बैठी बकरियों को उठाया और बाकी दो की मदद से बकरियों को गाड़ी में रख लिया। महज कुछ सेकेंड में बकरी चोरी कर सभी शातिर फरार हो गए। गांव वालों का कहना है कि उस दिन तीन लोगों की 10 बकरी चोरी की गई।
स्कॉर्पियो से बकरी चोरी करने का वीडियो आया सामने।
स्कॉर्पियो से बकरी चोरी करने का वीडियो आया सामने।
चोरी की गई बकरियां मो. एकलाल और मो. नय्यर और मो तबरेज ने पाल रखी थी। पीड़ित ने बताया कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि लग्जरी कार से कोई आकर बकरियों की चोरी करेगा। ये पूरी वारदात पूर्व मुखिया परवेज आलम के घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बकरी चोरी की घटना से दूसरे पशुपालकों में भय है। पुलिस अब तक ये पता नहीं लगा पाई है, कि लग्जरी कार वाले चोर कौन हैं और कहां से आए थे। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।