पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के पास लॉ कालेज के पीछे विद्यापति नगर मोहल्ले में बुधवार की दोपहर एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान अररिया जिला के रानीगंज हटिया टोला बैरेक निवासी भवेष कुमार पिता बंदेलाल यादव के रूप में हुई है।
रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा
हादसे के संबंध में मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि भवेष कान में हेडफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। तभी बनमनखी की ओर से आ रही ट्रेन के चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई और स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे के लोकोपायलट ने भवेष को ट्रैक पर चलते देख काफी हॉर्न बजाया लेकिन हेडफोन की वजह से वह हॉर्न की आवाज नहीं सुन पाया और उसकी मौत हो गई।
मौत कैसे हुई, पुलिस नहीं कर पा रही पुष्टि
हादसे की सूचना पर पहुंची मधुबनी टीओपी की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। इधर, पुलिस युवक की मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि नहीं कर पा रही है।
मौके पर पहुंचे मधुबनी टीओपी के एएसआई रामजी पासवान ने बताया कि कुछ लोगों का कहना है कि युवक ट्रेन से उतरने के क्रम में गिर गया। उससे उसकी मौत हो गई। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि युवक कान में हेडफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहा था। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौत हो गई।